newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP IT Raids: ‘सपा इत्र’ लॉन्‍च करने वाले पुष्‍पराज जैन के छापे पर सियासत तेज, अखिलेश ने केंद्र को घेरा तो अमित शाह ने दिया करारा जवाब

UP IT Raids: कन्नौज में अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले भाजपा के लोग, सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे। ये समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन को ढूंढने गए थे और उन्होंने अपने ही साथी पीयूष जैन को ढूंढ निकाला।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के खास और इत्र व्यापारी पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन के कन्नौज स्थित घर और ठिकानों पर शुक्रवार को इनकम टैक्स ने छापा मारा है। इसके अलावा मोहम्मद याकूब परफ्यूम पर भी छापा पड़ा है। आपको बता दें कि पुष्पराज जैन सपा के विधान परिषद सदस्य भी हैं और उन्होंने ही बीते दिनों समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। वहीं अब पम्पी जैन के घर पर हुई छापेमारी को लेकर सियासत तेज हो गई है। सपा और भाजपा के बीच अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ जहां अयोध्या में केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सपा इत्र लॉन्‍च करने वाले कारोबारी पुष्‍पराज जैन के यहां छापेमारी को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। वहीं दूसरी कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले पर केंद्र और यूपी सरकार पर हमला बोला।

pushparaj jain 1

कन्नौज में अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले भाजपा के लोग, सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे। ये समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन को ढूंढने गए थे और उन्होंने अपने ही साथी पीयूष जैन को ढूंढ निकाला। बता दें कि इससे पहले GST और इनकम टैक्स विभाग ने एक और इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कई ठिकानों पर छापा मारा था और वहां से करीब 200 करोड़ रुपए की करेंसी, सोना वगैरा भी बरामद किया था।

अमित शाह का अखिलेश पर हमला

उधर अयोध्या पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि, समाजवादी पार्टी के इत्र की दुर्गंध पूरे उत्तर प्रदेश में फैल गई है। आज जब छापेमारी चल रही है तो उनके पेट में उबाल हो रहा है।