
गुवाहाटी। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने अब लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के उप नेता गौरव गोगोई पर और बड़ा हमला बोला है। हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई आईएसआई के न्योते पर पाकिस्तान गए थे। हिमंत बिस्व सरमा ने ये दावा भी किया कि उनके पास इस बारे में दस्तावेज है। असम के सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि पहली बार वो ये बात कहना चाहते हैं कि गौरव गोगोई आईएसआई के निमंत्रण पर पाकिस्तान गए थे। हिमंत बिस्व सरमा ने ये भी कहा कि गौरव गोगोई प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान गए थे।
असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पाकिस्तान के गृह विभाग से चिट्ठी मिलने के बाद पड़ोसी देश गए थे। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश या सांस्कृतिक मंत्रालय नहीं, कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई वहां के गृह विभाग से न्योता मिलने पर गए थे। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि ये गंभीर मामला है। इसके बाद और भी ठोस कार्रवाई की जाएगी। सुनिए असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने गौरव गोगोई पर किस तरह नया आरोप लगाते हुए इस बारे में असम सरकार के पास दस्तावेज होने का दावा किया।
Gaurav Gogoi Went to Pakistan on ISI’s Invitation: Assam CM Himanta Biswa Sarma #assam #congress #bjp #HimantaBiswaSarma #gauravgogoi #northeast #northeastlive #Pakistan@CMOfficeAssam @himantabiswa @INCIndia @GauravGogoiAsm pic.twitter.com/rh6adLXKmO
— Northeast Live (@NELiveTV) May 18, 2025
हिमंत बिस्व सरमा पहले ही गौरव गोगोई की पत्नी का नाम लेकर कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते रहे हैं। हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया था कि गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी पाकिस्तान में आईएसआई के लोगों के साथ काम करती रही हैं। गौरव गोगोई ने इस आरोप का जोरदार खंडन करते हुए सबूत देने की बात कही थी। इसके बाद हिमंत बिस्व सरमा ने बीते दिनों गौरव गोगोई से ये सवाल पूछा था कि उनके बच्चों की नागरिकता भारत की क्यों नहीं है। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और गौरव गोगोई के बीच ये जुबानी जंग काफी दिनों से चल रही है। बता दें कि बीजेपी में आकर असम का सीएम बनने से पहले हिमंत बिस्व सरमा कांग्रेस में थे। राहुल गांधी पर आरोप लगाकर हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस छोड़ी थी। हिमंत के नेतृत्व में बीजेपी ने असम में लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी सरकार बनाई है। गौरव गोगोई पर हिमंत बिस्व सरमा के ताजा और गंभीर आरोप से असम की सियासत और गर्माने के आसार हैं।