newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jitan Sahni Murder Case: ब्याज की रकम और बाइक के चक्कर में हुई मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या?, 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही बिहार की दरभंगा पुलिस

Jitan Sahni Murder Case: जीतन सहनी गांव के घर में रहते थे। जानकारी के मुताबिक मुकेश सहनी के पिता के साथ 2-3 नौकर और ड्राइवर भी रहा करते थे। जीतन सहनी रोज सुबह पूजा के लिए फूल तोड़ने जाते थे। मंगलवार सुबह जब वो नहीं निकले, तो पड़ोसी ने आवाज दी और जब जवाब नहीं मिला, तो घर में घुसकर पाया कि जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है।

दरभंगा। बिहार में वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। जीतन सहनी के घर के पास लगे सीसीटीवी से पता चला कि सोमवार रात को ये चारों रात 10.30 बजे से 11 बजे तक जीतन सहनी के घर में थे। इस समय के बाद सभी चले गए थे। हिरासत में लिए गए सभी लोगों का इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही पुलिस को पता चला है कि मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी से इनमें से कुछ लोगों ने ब्याज पर रकम भी ली थी।

पुलिस के अनुसार जिन 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें से दो का जीतन सहनी से झगड़ा भी हुआ था। जानकारी के मुताबिक एक शख्स ने अपनी बाइक जीतन सहनी के पास गिरवी रखी थी। इसी बाइक को वापस लेने के लिए वे जीतन सहनी के घर गए थे। जिन 2 लोगों का जीतन सहनी से झगड़ा होने की बात सामने आई है, उन्होंने मुकेश सहनी के पिता को सबक सिखाने की धमकी दी थी। मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी का शव मंगलवार को दरभंगा के सुपौल बाजार के अफजला पंचायत में अपने घर मिला था। धारदार हथियार से उनका शव क्षत-विक्षत किया गया था।

जीतन सहनी गांव के घर में रहते थे। जानकारी के मुताबिक मुकेश सहनी के पिता के साथ 2-3 नौकर और ड्राइवर भी रहा करते थे। जीतन सहनी रोज सुबह पूजा के लिए फूल तोड़ने जाते थे। मंगलवार सुबह जब वो नहीं निकले, तो पड़ोसी ने आवाज दी और जब जवाब नहीं मिला, तो घर में घुसकर पाया कि जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है। जीतन सहनी की हत्या के वक्त मुकेश सहनी मुंबई में थे। मुंबई में मुकेश सहनी की बहन रिंकू की शादी हुई है। उनके एक और भाई संतोष सहनी भी पिता के साथ नहीं रहते थे। मुकेश सहनी की मां का निधन करीब 8 साल पहले हुआ था।