newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Noida: नोएडा के जलवायु विहार में गिरी बाउंड्री की दीवार, कई लोगों के दबे होने की आशंका, 4 की मौत

Noida: बिल्डिंग की बाउन्ड्री वाल आज यानि की मंगलवार की सुबह अचानक से गिर गई। बाउन्ड्री वाल गिरने से कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है।

नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर 21 मे जलवायु विहार नाम की बिल्डिंग की बाउन्ड्री वाल आज यानि की मंगलवार की सुबह अचानक से गिर गई। बाउन्ड्री वाल गिरने से कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। वहीं 4 लोगों की मौत भी हो गई है। थाना सेक्टर 20 इलाके में गिरी इस बाउंड्री की दीवार के मलबे को हटाने के लिए JCB की मदद ली जा रही है। दमकल विभाग की गाड़ियां भी रेस्क्यू के लिए मौके पर मौजूद है।

जानकारी के मुताबिक इस बाउंड्री वाल के बगल में मजदूर नाले की ईंटें निकालने का काम कर रहे थे। तभी जलवायु विहार कॉलोनी की बाउंड्री वाल अचानक से भरभरा कर गिर गई। यहां बगल से बह रहे नाले की रिफिलिंग का काम चल रहा था। एक पीड़ित ने बताया कि सुबह लगभग डेढ़ दो घंटे काम करने के बाद बगल में खड़ी ये दीवार अचानक से भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में बाल-बाल बचे इस पीड़ित मजदूर ने बताया कि उसके ही परिवार के अन्य दो सदस्यों की इस हादसे में मौत हो गई है। मृतकों में पीड़ित का भाई धर्मेन्द्र पाल शामिल है। हादसे में मारे गए सभी मृतक बदायूं के बताए गए हैं। वहीं हादसे में घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह 10 बजे के करीब अचानक जब ये दीवार गिरी तो दीवार के किनारे नाले की रिफिलिंग का काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों इस घटना की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद रेस्क्यू करने का कार्य शुरू हुआ।