newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP में पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने का महाभियान, प्रियंका गांधी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रशिक्षण शिविरों को किया संबोधित

UP: प्रशिक्षण शिविरों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिलावार प्रशिक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान में 700 ट्रेनिंग कैंप होंगे जिसमें ग्रामीणों को प्रशिक्षित किया जाएगा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर हर राजनीति दल अपनी-अपनी तैयारियां कर रहे हैं। एक ओर जहां बीजेपी सत्ता पर काबिज रहने के लिए हर तमाम कोशिशें कर रही है। तो कांग्रेस भी इन चुनावों में किसी भी हाल में यूपी को हाथ से जाने देना नहीं चाहती। जिसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी प्रदेश की जनता को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी इस रेस में कहीं पीछे नहीं हैं, लेकिन यूपी में आए दिन जनता के बीच पहुंच रही प्रियंका गांधी इन दिनों सुर्खियां बटौर रही हैं। वहीं अब एक बार फिर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रशिक्षण शिविरों को संबोधित किया है। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के बारे में लोगों को बताया है।

प्रशिक्षण शिविरों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिलावार प्रशिक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान में 700 ट्रेनिंग कैंप होंगे जिसमें ग्रामीणों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रियंका गांधी का कहना है कि 2 लाख पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए यह महाभियान चलाया जा रहा है। यानि अब उतर प्रदेश के हर गांव में कांग्रेस अभियान शुरू हो चुका है। इसके साथ ही महासचिव प्रियंका गांधी का कहना है कि हर गांव कांग्रेस अभियान सबसे महत्वपूर्ण है।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि 20 दिनों में 58 हज़ार ग्राम सभाओं में कांग्रेस के ग्राम सभा अध्यक्ष बनाए जाएंगे। वहीं अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि ग्रामीणों से मिलने और उनकी समस्या को जानने के लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी हर गांव के हर घर जाएं। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने जय भारत महासंपर्क अभियान की सराहना भी की, और पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि यदि गांव में हमारा कार्यकर्ता मजबूत नहीं है और गांव में जाकर लोगों की आवाज नहीं उठा रहे तो हमारा संगठन मजबूत नहीं है, हम इस प्रशिक्षण के माध्यम से दो लाख कार्यकर्ताओं की सेना बनायेगें, आप प्रशिक्षण को ध्यान से सुनिए अपनी बात कहिये, इस प्रशिक्षण शिविर को आप अच्छे ढंग से करिये जिससे अच्छा नतीजा आ सके।