newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Punjab: भरे मंच से बिहार और यूपी वालों का अपमान करते रहे पंजाब के सीएम चन्नी और बगल में हंसती रहीं प्रियंका वाड्रा

महाराष्ट्र में बाल ठाकरे के दौर में यूपी और बिहार के लोगों को ‘भइया’ कहकर पुकारा जाने लगा था। तभी से यह शब्द इन राज्यों के लोगों के लिए गाली की तरह हो गया है। इसके बाद भी पंजाब चुनाव के प्रचार में प्रियंका की मौजूदगी में यूपी के लोगों को भइया और बाहरी कहने का मामला अब तूल पकड़ रहा है।

रूपनगर। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने सार्वजनिक मंच से यूपी, बिहार और दिल्ली वालों का जमकर अपमान किया और इस दौरान मंच पर उनके साथ खड़ी प्रियंका गांधी मुस्कुराती और नारे लगाती दिखीं। ये नजारा पंजाब के रूपनगर में कांग्रेस की जनसभा के दौरान दिखा। प्रियंका ने चन्नी को इस दौरान रोका भी नहीं, जबकि वो खुद यूपी की प्रभारी हैं और यहां अपनी पार्टी को जिताने के लिए लगातार दौरा कर रही हैं। वहीं, उनके भाई राहुल गांधी बीते दिनों कहते दिखे थे कि यूपी के अमेठी से उनका दिल का रिश्ता बना हुआ है। अब अपने सामने ही चन्नी की ओर से किए गए अपमान को देखते हुए ये सवाल उठ रहा है कि प्रियंका और राहुल को यूपी और यहां के लोगों से कितना लगाव है।

यूपी के लोगों के अपमान की ये घटना 15 फरवरी की है। उस दिन चन्नी और प्रियंका ने रूपनगर में एक जनसभा को संबोधित किया था। प्रियंका मंच पर पहले माइक लेकर अपनी बात रखती दिखीं। उन्होंने कहा कि समझदारी दिखाओ। चुनाव का वक्त है। इसलिए लंबी बातें नहीं कहना चाहती। पंजाब के लोगों जो आपके सामने है, उसे पहचानो। समझदारी का इस्तेमाल करो। प्रियंका इसके बाद बोलीं कि पंजाब को पंजाबी ही चलाएंगे। जो बाहर से आते हैं, उन्हें सिखाइए कि पंजाबियत क्या है। मेरी ससुराल भी पंजाब है। इसके बाद चन्नी ने माइक थाम लिया और कहा कि प्रियंका पंजाब की बहू हैं। यूपी के, बिहार के दिल्ली के भइए आकर यहां राज नहीं कर सकते। यूपी के भइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है। इस दौरान प्रियंका हंसती रहती हैं और लोगों के साथ मिलकर बोले सो निहाल का नारा भी लगाती रहती हैं।

बता दें कि महाराष्ट्र में बाल ठाकरे के दौर में यूपी और बिहार के लोगों को ‘भइया’ कहकर पुकारा जाने लगा था। तभी से यह शब्द इन राज्यों के लोगों के लिए गाली की तरह हो गया है। इसके बाद भी पंजाब चुनाव के प्रचार में प्रियंका की मौजूदगी में यूपी के लोगों को भइया और बाहरी कहने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। पंजाब में 20 फरवरी को वोटिंग होनी है। ऐसे में बीजेपी और अन्य कांग्रेस विरोधी दल इसे बड़ा मुद्दा बना सकते हैं।