newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मथुरा के विकास के लिए सीएम योगी ने दी 411 करोड़ रुपए की सौगात, किया कई योजनाओं का शिलान्यास

Development of Mathura: मुख्यमंत्री योगी(CM Yogi) ने यह भी कहा कि आजादी के बाद सरकारों ने धार्मिक पर्यटन के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(Narendra Modi) के मार्गदर्शन में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का काम किया जा रहा है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वृंदावन में संतों और साधकों से मुलाकात करके उन्हें ब्रज क्षेत्र का विकास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए धर्मगुरुओं के साथ मिलकर काम कर रही है। हम इस क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर ले जाएंगे।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आजादी के बाद सरकारों ने धार्मिक पर्यटन के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का काम किया जा रहा है। प्रयागराज का कुंभ मेला धार्मिक पर्यटन के विकास का एक और उदाहरण है। अयोध्या भी एक विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित हो रहा है।” योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद की स्थापना की है और विभिन्न विकास परियोजनाएं भी शुरू की गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर जाकर दर्शन किए।

CM Yogi Hema Malini

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वृन्दावन पहुंचे, जहां उन्होंने यहां बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद मथुरा के विकास के लिए 411 करोड़ रुपए की सौगात दी और कई योजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री अयोध्या की तरह ही मथुरा और वृन्दावन को भी बड़े तीर्थाटन स्थल के रुप में विकसित करना चाहते हैं। अपनी इस मंशा का खुलासा भी उन्होंने किया और कहा कि बृज क्षेत्र को भगवान श्री कृष्‍ण के साथ-साथ यमुना मईया का आशीर्वाद भी मिल रहा है। हमें बृजक्षेत्र को एक नया स्वरूप देना है। दुनिया के सामने एक उदाहरण देना है और यमुना जी की निर्मलता के लिए हम सबको मिल कर काम करना है।

यह ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना नदी का जिक्र किया और यमुना के प्रदूषित हो रहे जल को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि अगर कानपुर में नमामि गंगा कार्यक्रम के तहत गंगा निर्मल हो सकती है तो दिल्ली की सरकार यमुना जी की निर्मलता के लिए कार्य क्यों नहीं कर सकती। बस यमुना के लिए दिल्ली सरकार उपाय कर दे, बाकी हम कर के दिखा देंगे। कानपुर जाइये देखिए गंगा की निर्मलता को हमने कैसे बचाया है, आज कोई भी सीवर का पानी गंगा जी मे नही गिरता। यमुना के जल को भी हम निर्मल बना देंगे। प्रदेश सरकार नदियों को अविरल और बचाने का काम प्रतिबद्धता से कर रही है। गंगा नदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

यमुना के जल को निर्मल बनाने का यह दावा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वृंदावन में आयोजित संतो के वैष्‍णव कुंभ में किया। मुख्यमंत्री ने वृंदावन के टूरिस्ट सेंटर में दूरदराज से आए संतों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा। फिर मंच से संतों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बृज क्षेत्र के विकास के लिए तीर्थ विकास परिषद का उन्होंने गठन किया है। वृंदावन जिस सम्मान का हकदार है, वह सम्मान उसे और पूरे तीर्थ क्षेत्र को प्राप्त हो इसके लिए आपका सानिध्य ऐसे ही बना रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान ध्वाजारोहण वैष्णव बैठक मेले का ध्वजारोहण किया। वैष्णवी कुंभ/ दिव्य कुंभ 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। यह कुंभ 25 मार्च तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अपनी खुशी का इजहार भी किया।

CM Yogi Mathura

मथुरा में विकास कार्य कराने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृज तीर्थ विकास परिषद की बैठक भी की। जिसमें उन्होंने कहा कि पहले क्या होता था, आपको पता है, लेकिन बीजेपी की सरकार आने के बाद हमने इसमे रुचि ली। जिसके परिणामस्वरूप हम सब ने मिलकर संतो के सानिध्य में इस कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई, जो आपके सामने है। आज मंत्री, सांसद, साधु -संत और अधिकारी सब मिलकर बृज क्षेत्र के विकास की योजनाएं बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारें तो आती और जाती रहती हैं। विकास के काम भी कम और ज्यादा होते रहेंगे। संतों की भावनाओं के प्रति भारत का समग्र विकास होगा।

काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सानिध्य में मजबूती से साथ विकास हो रहा है। दिव्य और भव्य कुंभ कैसे हो सकता है, यह हमें प्रयागराज में दिखाया है। प्रयागराज में कुंभ के आयोजन करके हमने स्वच्छता और कार्यकुशलता का परिणाम दिया तो यूनेस्को को भी इसकी सराहना करनी पड़ी। अब हमे बृज क्षेत्र को एक नया स्‍वरूप देना है। बृज क्षेत्र के विकास को दुनिया के सामने एक उदाहरण के रूप में प्रस्‍तुत करना है। यह अवसर हमें मिला है। जब तक गोसेवा का कार्य बृज क्षेत्र में होगा, तब तक यह क्षेत्र भगवान कृष्‍ण का आशीर्वाद से धन्‍य होता रहेगा। मै खुशनसीब हूं कि यह मौका मुझे मिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वैष्‍णव बैठक वास्‍तव में वृंदावन कुंभ का ही स्‍वरूप है। ये मेरा सौभाग्‍य है कि मुझे संतो का सानिध्‍य प्राप्‍त हो रहा है।