
चंडीगढ़। जबसे आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव हारी, उसके बाद से पंजाब में उसकी सरकार को लेकर आए दिन नए-नए कयास लग रहे हैं और खबरें आ रही हैं। पहले कांग्रेस की तरफ से दावा किया गया था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के 10 विधायक उसके साथ आना चाहते हैं। अब पंजाब कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के 32 विधायक उनसे संपर्क में हैं। प्रताप सिंह बाजवा का दावा है कि आम आदमी पार्टी के ये विधायक कांग्रेस में आना चाहते हैं। पंजाब विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले प्रताप सिंह बाजवा ने ये दावा किया है। इससे ये सवाल उठ रहा है कि क्या पंजाब में आम आदमी पार्टी टूट जाएगी?
पंजाब विधानसभा में कांग्रेस के नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा “दिल्ली वाले(आम आदमी पार्टी) कोशिश कर रहे हैं कि यहां(पंजाब) इस्तीफे लिए जाएं। क्योंकि केजरीवाल की दिल्ली वाली पुरानी टीम पंजाब में शिफ्ट होना चाहती है। वह इधर तक ही सीमित नहीं है, मनीष सिसोदिया जिनके पास कोई… pic.twitter.com/ZFwqCESinc
— IANS Hindi (@IANSKhabar) February 24, 2025
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मीडिया से कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक इस वजह से नाराज हैं, क्योंकि उनकी सरकार ने पंजाब में कोई काम नहीं किया। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि इस वजह से आम आदमी पार्टी के विधायक दूसरे दल में ही जाना चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि डर की वजह से आम आदमी पार्टी अब भगवंत मान की जगह किसी और को पंजाब का सीएम बना सकती है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि विधायकों की नाराजगी की वजह से भगवंत मान की सरकार पंजाब विधानसभा का सत्र लंबा नहीं चलाना चाहती है। उन्होंने आम आदमी पार्टी को ये कहकर भी घेरा कि चुनाव के दौरान वादा किया था कि पंजाब में सरकार बनने पर महिलाओं को एक-एक हजार रुपए देंगे, लेकिन ये वादा भी पूरा नहीं हुआ है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के बाद ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ा था कि भगवंत मान को हटाकर अरविंद केजरीवाल पंजाब के सीएम बन सकते हैं। फिर ये खबरें आईं कि पंजाब से किसी सांसद का इस्तीफा कराकर अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं। इन चर्चाओं के बीच अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक भी बुलाई थी, लेकिन ये बैठक छोटी रही। इस बैठक को लेकर चर्चा थी कि पंजाब में अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए अरविंद केजरीवाल ने उनको बुलाया था। वहीं, आम आदमी पार्टी का कहना था कि दिल्ली चुनाव में पंजाब के पार्टी नेताओं ने बहुत मदद की थी। इस वजह से केजरीवाल ने धन्यवाद देने के लिए उनके साथ बैठक की।