newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी में लगा नाइट कर्फ्यू, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेंगी पाबंदियां

Delhi Night Curfew News: कोरोनावायरस (Coronavirus) के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने मंगलावर को बड़ा फैसला लिया है। दरअसल कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए दिल्ली में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

नई दिल्ली। कोरोनावायरस (Coronavirus) के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने मंगलावर को बड़ा फैसला लिया है। दरअसल कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए दिल्ली में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। बता दें कि मामलों में बढ़ोतरी वाले दूसरे राज्यों जैसे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में पहले ही रात का कर्फ्यू लगाया जा चुका है।

इससे पहले 2 मार्च को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में नए मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, हालांकि पहले की तुलना में इस बार संक्रमण दर कम है, लिहाजा किसी भी तरह लॉकडाउन करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम स्थिति की समीक्षा करेंगे। यदि भविष्य में लॉकडाउन की जरूरत हुई तो पहले मैं इस पर परामर्श करूंगा।”

दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 3,548 नए मामले दर्ज होने के बाद कुल मामले 6,79,962 हो गए हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 5.54 प्रतिशत है। यह लगातार चौथा दिन है कि जब दिल्ली में 3,500 से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। इससे पहले रविवार को यहां 4,033 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो कि साल 2021 का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा था। वहीं 3 अप्रैल को 3,567 और 2 अप्रैल को 3,594 मामले सामने आए थे।