newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

ED Raid On Govind Singh Dotasara: राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर ईडी का छापा, पेपर लीक मामले में कार्रवाई

इससे पहले ईडी की टीम ने पेपर लीक मामले में सीकर में एक इंस्टीट्यूट पर भी छापा मारा था। ये इंस्टीट्यूट भी गोविंद सिंह डोटासरा के करीबी का बताया जाता है। सूत्रों के अनुसार गोविंद सिंह डोटासरा के एक रिश्तेदार पर भी पेपर लीक मामले में जुड़े होने का आरोप है।

जयपुर। बड़ी खबर राजस्थान की राजधानी जयपुर से है। यहां राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापा मारा है। गोविंद सिंह डोटासरा का आवास जयपुर के सिविल लाइंस में है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने राजस्थान में सरकारी नौकरियों की परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले में गोविंद सिंह डोटासरा के यहां छापा मारा है। शिक्षा मंत्री रहते हुए गोविंद सिंह डोटासरा पर पेपर लीक मामले में आरोप लगे थे। गोविंद सिंह डोटासरा के कई रिश्तेदारों के सिलेक्शन पर भी सवाल उठे थे।

इससे पहले ईडी की टीम ने पेपर लीक मामले में सीकर में एक इंस्टीट्यूट पर भी छापा मारा था। ये इंस्टीट्यूट भी गोविंद सिंह डोटासरा के करीबी का बताया जाता है। सूत्रों के अनुसार गोविंद सिंह डोटासरा के एक रिश्तेदार पर भी पेपर लीक मामले में जुड़े होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पुख्ता जानकारी के बाद ही ईडी की टीम ने डोटासरा के आवास पर छापेमारी की है। उनके सीकर स्थित घर पर भी ईडी की टीम के पहुंचने के आसार हैं।

ed dotasara raid 1
ईडी के छापे के दौरान गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर तैनात केंद्रीय बल के जवान।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान हो चुका है। कांग्रेस ने गोविंद सिंह डोटासरा को भी उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में ईडी की रेड उनके लिए बड़ी मुश्किल का सबब बन सकती है। खासकर राजस्थान के युवा पेपर लीक के मामलों की वजह से बहुत नाराज हैं। कई बार राजस्थान के युवाओं ने अशोक गहलोत की सरकार के खिलाफ आंदोलन भी किया है। अगर ईडी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के यहां से पेपर लीक केस के पुख्ता सबूत मिलते हैं, तो इसे बीजेपी चुनाव में अच्छे से भुनाएगी। वहीं, सीएम अशोक गहलोत को इस मामले में सवालों का जवाब देने में दिक्कत हो सकती है।

राजस्थान में तमाम सरकारी नौकरियों के पेपर लीक के मामले में बीजेपी ने युवाओं से वादा किया है कि सरकार बनने पर पेपर लीक के मामलों को हर हाल में रोका जाएगा और पुराने मामलों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपने दौरों में खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने युवाओं को पेपर लीक से होने वाली दिक्कत का मुद्दा उठाया था और गहलोत सरकार को उन्होंने घेरा था। अब डोटासरा के यहां छापे बीजेपी के लिए चुनावी मुद्दे को और मजबूत करने की वजह बनता दिख रहा है।