newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

फिर मुश्किलों में फंसे दिग्विजय सिंह, अब इस मामले में हुआ केस दर्ज

भोपाल में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल रैली निकालने का ऐलान किया था और बड़ी संख्या में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जुटे।

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर मुश्किलों में फंस गए है। दरअसल मध्यप्रदेश की राजधानी में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में बगैर अनुमति के साइकिल रैली निकालने पर दिग्विजय सिंह सहित 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दिग्विजय सिंह और पार्टी के 150 कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 341, 188, 143, 269 और 270 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। भोपाल में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल रैली निकालने का ऐलान किया था और बड़ी संख्या में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जुटे। साइकिल रैली मुख्यमंत्री अवास की ओर बढ़ रही थी, मगर पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया।

टीटी नगर थाने के प्रभारी संजीव चौकसे ने संवाददाताओं को बताया कि कोरोना महामारी के चलते किसी को भी प्रदर्शन और रैली निकालने की अनुमति नहीं है।

Digvijaya Singh

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के साइकिल रैली निकाली, जिस पर उनके और 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साइकिल रैली को रोशनपुरा से आगे नहीं बढ़ने दिया गया।