newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rajnath Singh: ‘हल्दीघाटी हो या गलवान, भारत नहीं झुकता’, चीन और पाकिस्तान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कड़ा संदेश

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे देश की सेना आज ऐसी है, जो इस पार भी मार कर सकती हैं और उस पार जाकर भी मार सकती हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन कोई हमें छेड़ेगा, तो उसे नहीं छोड़ेंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें महाराणा प्रताप के समर्पण को ठीक से समझना है।

संभाजी नगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाम लिए बिना चीन और पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। राजनाथ सिंह ने रविवार को महाराष्ट्र के संभाजी नगर (पहले औरंगाबाद) में कहा कि चाहे हल्दीघाटी हो या गलवान घाटी, भारत के महाराणा प्रताप देश का सिर नहीं झुकने देंगे। बता दें कि हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप और मुगल बादशाह अकबर की सेनाओं के बीच जबरदस्त जंग हुई थी। जहां प्रताप ने अकबर की सेना को रौंद डाला था। वहीं, लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय जवानों ने साल 2020 में चीन के तमाम सैनिकों को मार गिराया था। रक्षा मंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में हिंदवी साम्राज्य की स्थापना जिन जननायक छत्रपति शिवाजी ने की थी, उसे संभाजी महाराज ने बखूबी निभाया और फिर यही ताकत मराठा साम्राज्य के तौर पर मजबूत हुई।

rajnath singh fadnavis eknath shinde

रक्षा मंत्री ने कहा कि चाहे हल्दीघाटी हो या गलवान घाटी, हमारी सेनाओं ने हमेशा सम्मान की रङा की है। देश का माथा न कभी झुका और न कभी झुकेगा। उड़ी, पुलवामा की घटनाओं के बाद भारत की जांबाज सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सटीक और प्रभावी कार्रवाई की। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे देश की सेना आज ऐसी है, जो इस पार भी मार कर सकती हैं और उस पार जाकर भी मार सकती हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन कोई हमें छेड़ेगा, तो उसे नहीं छोड़ेंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें महाराणा प्रताप के समर्पण को ठीक से समझना है। ऐसा करेंगे, तो हम उस दौर को मुगल काल न कहकर महाराणा काल कहेंगे।

उन्होंने छत्रपति संभाजी के बारे में कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति ऐसा समर्पण, धर्म के प्रति ऐसी अगाध श्रद्धा कम ही दिखती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्रपति संभाजी ऐसे महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने ऐसे उदाहरण दिए, जो सदियों तक दोहराए जाएंगे। मुगल बादशाह औरंगजेब ने उनको तमाम यातनाएं दी, लेकिन वो संभाजी के धर्म प्रेम को मिटा नहीं सका। राजनाथ सिंह ने कहा कि खुशी है कि औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर हो गया है। उन्होंने इस कदम के लिए महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और सरकार को बधाई भी दी।