newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Unearthed: अखिलेश यादव के करीबियों पर IT के छापों से 200 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा

कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद की गई हैं। आरोपियों के तार दुबई और अन्य देशों से जुड़े बताए जा रहे हैं। अखिलेश के करीबियों जैनेंद्र यादव के लखनऊ, मैनपुरी के मनोज यादव और सपा के प्रवक्ता राजीव राय के मऊ और बेंगलुरू में ठिकानों पर छापे मारे गए हैं।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी यानी सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स IT की छापेमारी अब भी जारी है। छापे आज शाम तक चल सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक इन छापों में अब तक 200 करोड़ रुपए की कर चोरी का खुलासा हुआ है। इसके अलावा कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद की गई हैं। आरोपियों के तार दुबई और अन्य देशों से जुड़े बताए जा रहे हैं। अखिलेश के करीबियों जैनेंद्र यादव के लखनऊ, मैनपुरी के मनोज यादव और सपा के प्रवक्ता राजीव राय के मऊ और बेंगलुरू में ठिकानों पर छापे मारे गए हैं। जैनेंद्र तो अखिलेश यादव के ओएसडी भी रह चुके हैं।

akhilesh it raids

सूत्रों के मुताबिक बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कैश, लॉकर वगैरा की छानबीन भी की जाएगी। इन सभी के कैश ट्रांजेक्शन और खातों में लेन-देन पर आईटी की पहले से नजर थी। जैनेंद्र यादव अखिलेश के करीबियों में से एक हैं। वो कारोबार करते हैं। लखनऊ में गोमतीनगर में उनका घर है। राजीव राय सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। मऊ से वो 2014 में लोकसभा चुनाव में सपा के उम्मीदवार भी रह चुके हैं। मनोज यादव ठेकेदारी करते हैं। उनकी अपनी कंस्ट्रक्शन करने वाली कंपनी है। आईटी रेड के दौरान मनोज यादव की तबीयत भी खराब होने की खबर है।

अपने करीबियों पर इनकम टैक्स के छापों के बाद अखिलेश यादव ने शनिवार को बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव करीब आएंगे, दिल्ली से बड़े-बड़े नेता उत्तर प्रदेश आएंगे। अखिलेश ने कहा कि इनकम टैक्स के लोग भी अब यहां पर चुनाव लड़ने आ गए। अभी तो ईडी और सीबीआई भी आएगी। हमें तो इसका पहले से ही इंतजार था। उन्होंने कहा कि बीजेपी को पराजय का डर जितना होगा, विरोधियों पर छापों का दौर भी उतना ही बढ़ता जाएगा। उधर, आईटी विभाग के सूत्रों के मुताबिक यूपी के बाद हरियाणा भी टीम भेजी गई है, क्योंकि जिनके यहां छापे पड़े उनके संपर्क वहां भी हैं। कई मुखौटा कंपनियों के खुलासे का भी दावा आईटी विभाग के सूत्र कर रहे हैं।