newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Politics: PM नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कांग्रेस परेशान, अधीर रंजन बोले- ऐसी चुनौती कभी नहीं मिली

अधीर ने कहा कि जब भी कांग्रेस बुरे दौर में होती है, तो वो चिंतन शिविर करती है। इस बार भी सोनिया गांधी ने शिविर लगाने की बात कही है। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठने के बारे में सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस के सांसद ने कहा कि जब हर रास्ता मौजूद है, तो मीडिया के सामने क्यों चिल्लाना चाहिए।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कांग्रेस परेशान है। कांग्रेस के मुताबिक मोदी और शाह अब तक की सबसे बड़ी चुनौती हैं। ये बात लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने अंग्रेजी अखबार ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से कही है। चौधरी के मुताबिक इतिहास में पहली बार कांग्रेस को मोदी और शाह के रूप में बड़ी चुनौती वाली सियासी ताकत का सामना करना पड़ रहा है। अधीर रंजन ने कहा कि कांग्रेस जनता पर आधारित पार्टी रही है और उसके पास कार्यकर्ताओं का रेजीमेंट भी नहीं है। हमारे सामने मोदी और अमित शाह की वो रणनीति है, जो कांग्रेस के मूल्यों को तहस-नहस कर रहे हैं।

अधीर रंजन ने ये भी कहा कि इसी वजह से कांग्रेस को राजनीतिक पराजय का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हार की सारी जिम्मेदारी सिर्फ कांग्रेस नेतृत्व पर ही नहीं है। खराब प्रदर्शन के कारणों का विश्लेषण करके करने के लिए नया तरीका तलाशना होगा। अधीर ने कहा कि जब भी कांग्रेस बुरे दौर में होती है, तो वो चिंतन शिविर करती है। इस बार भी सोनिया गांधी ने शिविर लगाने की बात कही है। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठने के बारे में सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस के सांसद ने कहा कि जब हर रास्ता मौजूद है, तो मीडिया के सामने क्यों चिल्लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर नेतृत्व को लगता है कि गांधी परिवार को हटना चाहिए, तो हम इसे मानने के लिए तैयार हैं।

बता दें कि हाल ही में यूपी, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर के चुनाव हुए। इनमें से 4 राज्यों में बीजेपी ने फिर से बहुमत हासिल किया है। जबकि, पंजाब से कांग्रेस राज खत्म हो गया। इससे कांग्रेस में असंतुष्ट नेताओं के गुट जी-23 ने फिर आलाकमान से नाराजगी जताई है। वहीं, कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल वीरप्पा मोइली ने कहा है कि कांग्रेस के नेता घबराएं नहीं, मोदी युग के बाद बीजेपी बिखर जाएगी।