मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल है। इसकी वजह बीजेपी के युवा नेता मोहित कंबोज भारतीय का एक ट्वीट है। मोहित कंबोज ने ट्वीट किया है कि एनसीपी का एक और बड़ा नेता जल्दी ही जेल जाने वाला है। इससे पहले मोहित ने ट्वीट कर भविष्यवाणी की थी कि नवाब मलिक और अनिल देशमुख जेल जाएंगे और दोनों नेताओं को जेल जाना पड़ा। मोहित के इस ट्वीट पर बीजेपी मजे ले रही है। मोहित कंबोज ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘इस ट्वीट को सुरक्षित रखें। एनसीपी के एक बड़े नेता का हाल नवाब मलिक और अनिल देशमुख जैसा होगा।’ बता दें कि नवाब मलिक और अनिल देशमुख महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार में मंत्री रहते जेल गए। दोनों पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है और अब तक दोनों को जमानत नहीं मिल सकी है।
Save This Tweet :-
One NCP Big – Big Leader Will Meet Nawab Malik & Anil Deshmukh Soon !
— Mohit Kamboj Bharatiya (@mohitbharatiya_) August 16, 2022
मोहित कंबोज के ट्वीट के बाद कयासों का दौर चल रहा है कि आखिर एनसीपी का और कौन सा बड़ा नेता जेल जाने वाला है। वहीं, बीजेपी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार ने इस ट्वीट पर मजे लिए हैं। शेलार ने कहा कि मोहित ने ये ट्वीट निजी तौर पर किया है और बीजेपी का इससे लेना-देना नहीं है, लेकिन मोहित का स्ट्राइक रेट 100 फीसदी है। यानी मोहित ने जो भी भविष्यवाणी की, वो हकीकत में बदली जरूर है। मोहित के इस ट्वीट पर एनसीपी के नेता और महाराष्ट्र के गृह मंत्री रहे दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि बीजेपी के प्रवक्ता इस तरह की घोषणाएं करते हैं और फिर ईडी कार्रवाई करती है। ये कुछ समय से नया नॉर्मल बन गया है।
@mohitbharatiya_ के ट्वीट ने व्यक्तिगत स्तर पर जानकारी दी है। लेकिन उनका “स्ट्राइकिंग रेट 100% है…!#mohitkamboj pic.twitter.com/3p7X8bmU9O
— Adv. Ashish Shelar – ॲड. आशिष शेलार (@ShelarAshish) August 17, 2022
महाराष्ट्र बीजेपी में अब तक किरीट सोमैया को खासा एक्टिव माना जाता था। अब मोहित उनकी जगह लेते दिख रहे हैं। लोग कहते हैं कि मोहित कंबोज तो किरीट सोमैया के युवा स्वरूप हैं। करीब 6 महीने पहले मोहित ने शिवसेना के सांसद संजय राउत पर 25 लाख रुपए लेने का आरोप भी लगाया था। इसके अलावा मनसुख हिरेन मामले में पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे का नाम लेकर तत्कालीन उद्धव ठाकरे सरकार को घेरा था। मोहित और नवाब मलिक के बीच बयानों और ट्विटर पोस्ट की लंबी जंग भी छिड़ी थी। तभी मोहित ने दावा किया था कि नवाब मलिक जेल जाएंगे और ऐसा हुआ भी। अब सबकी नजर इस पर है कि मोहित की भविष्यवाणी इस बार कितनी सटीक बैठती है।