नई दिल्ली।11 मई का दिन देश के इतिहास में एक बेहद खास घटना के साथ दर्ज है। 11 मई 1998 को भारत सरकार ने पोखरण में सफलतापूर्वक परमाणु परीक्षण करने का ऐलान किया था। आज पोखरण परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद करते हुए उनके राजनीतिक साहस की प्रशंसा की। गौरतलब है कि पोखरण परमाणु परीक्षण के दिन को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इसकी शुरूआत 11 मई 1999 से हुई।
अंतरिक्ष में ऊंची उड़ान भरने वाले दिवस के प्रतीक माने जाने वाले इस दिन पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर आज हम अपने उत्कृष्ट वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनके अथक प्रयासों से ही 1998 में हम पोखरण परमाणु परीक्षण में सफल हो सके।” उन्होंने आगे लिखा कि, “हम अटल जी के कुशल और शानदार नेतृत्व को भी गर्व के साथ याद करते हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट राजनीतिक साहस और राजनीतिक कौशल का परिचय दिया।” ज्ञात हो कि साल 1998 में आज के ही दिन भारत ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पोखरण में कुल पांच परमाणु परीक्षणों में से पहला सफल परीक्षण किया था।
Today, on National Technology Day, we express gratitude to our brilliant scientists and their efforts that led to the successful Pokhran tests in 1998. We remember with pride the exemplary leadership of Atal Ji who showed outstanding political courage and statesmanship. pic.twitter.com/QZXcNvm6Pe
— Narendra Modi (@narendramodi) May 11, 2022
भारत इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद परमाणु सम्पन्न देशों में शामिल होने वाला छठा देश बन गया था। इसके अलावा भारत ने आज के ही दिन भारत निर्मित हंस-3 विमान और छोटी दूरी की मिसाइल ‘त्रिशूल’ का भी सफल परीक्षण किया था। ये दोनों हथियार देश के लिए एक कीर्तिमान साबित हुए थे। इन परीक्षणों के जरिए भारत ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था।