newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mann Ki Baat: मन की बात में PM मोदी ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह, कहा- जो ठान लेते हैं उसे करते हैं पूरा

Mann Ki Baat: मोदी ने मन की बात में कहा कि आज के युवा जो एक बार मन में ठान लेता है, उसी को पूरा करने में जी जान से जुट जाता है। वह दिन-रात मेहनत कर रहा है।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की आज जमकर तारीफ की। मोदी ने कहा कि आज का युवा बने बनाए रास्ते पर नहीं चलना चाहता। वो नए रास्ते बनाना चाहता है। लक्ष्य और नई मंजिल की युवाओं को तलाश रहती है। अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें याद किया। मोदी ने कहा कि कल्पना की जा सकती है कि मेजर ध्यानचंद के दिल दिल पर, उनकी आत्मा पर, वह जहां भी होंगे, टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों और खासकर हॉकी प्लेयर की कामयाबी से कितनी खुशी मिली होगी। उन्होंने कहा कि आज हमें देश के नौजवानों में, बेटे और बेटियों में खेल के प्रति आकर्षण नजर आ रहा है। माता-पिता भी बच्चों को खेल की तरफ ले जा रहे हैं। इससे खुशी होती है। ये जो खेल के प्रति ललक है, यही मेजर ध्यानचंद को बहुत बड़ी श्रद्धांजलि है।

PM Modi Somnath

मोदी ने मन की बात में कहा कि आज के युवा जो एक बार मन में ठान लेता है, उसी को पूरा करने में जी जान से जुट जाता है। वह दिन-रात मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही हमारे देश में खिलौनों की चर्चा हो रही थी। देखते ही देखते जब हमारे युवाओं के ध्यान में ये विषय आया, तो उन्होंने भी ठान लिया कि दुनिया में भारत के खिलौनों की पहचान कैसे बने। पीएम ने कहा कि कितने ही पदक क्यों न मिल जाएं, लेकिन जब तक हॉकी में पदक नहीं मिलता, भारत का कोई भी नागरिक विजय का आनंद नहीं ले सकता और इस बार ओलंपिक में हॉकी का पदक मिला, चार दशक के बाद मिला।

उन्होंने कहा कि आज छोटे-छोटे शहरों में भी स्टार्ट-अप कल्चर का विस्तार हो रहा है और मैं उसमें उज्ज्वल भविष्य के संकेत देख रहा हूं। मोदी ने कहा कि हम देखते हैं, अभी कुछ समय पहले ही, भारत ने, अपने स्पेस सेक्टर को ओपन किया और देखते ही देखते युवा पीढ़ी ने उस मौके को पकड़ लिया और इसका लाभ उठाने के लिए कॉलेजों के छात्र, यूनिवर्सिटी, प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले नौजवान बढ़-चढ़ करके आगे आए हैं। मोदी ने कल जन्माष्टमी के पर्व पर लोगों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि नटखट कन्हैया से लेकर विराट रूप धारण करने वाले कृष्ण तक, शास्त्र सामर्थ्य से ले करके शस्त्र सामर्थ्य वाले कृष्ण तक सभी रूप उन्होंने दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो हमें ये याद रखना है कि स्वच्छ भारत अभियान के संकल्प को हमें कभी भी कमजोर नहीं पड़ने देना है।