newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi in Aligarh: पीएम मोदी का आज अलीगढ़ दौरा, देंगे दो बड़ी सौगात, डिफेंस कॉरिडोर और राजा महेंद्र यूनिवर्सिटी का करेंगे शिलान्यास

PM Modi in Aligarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के अलीगढ़ दौरे पर जाएंगे। जहां वो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अलीगढ़ जाकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के अलीगढ़ दौरे पर जाएंगे। जहां वो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। बता दें कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) का नाम बदलकर राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर रखने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पुरानी मांग थी। जिसके बाद पीएम मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर एएमयू के बगल में बनने वाले एक नए विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मोदी मंगलवार को अलीगढ़ के लोढ़ा इलाके में पहुंचकर राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर स्थापित होने वाले विश्वविद्यालय की नींव रखेंगे। जिसकी वजह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोढ़ा जाकर सोमवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

यूपी के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना करके प्रदेश सरकार उस महान हस्ती को श्रद्धांजलि दे रही है जिसने भारत की आजादी की लड़ाई लड़ते हुए अपने जीवन के तीन दशक निर्वासित होकर व्यतीत किये।

बता दें कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी सम्पत्ति दान कर दी थी। उस अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के इतिहास में राजा महेंद्र प्रताप सिंह को कोई स्थान नहीं मिला। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी जो तथ्य दिए गए हैं, उसमें सिर्फ सैय्यद अहमद खान के योगदान का जिक्र तो है पर विश्वविद्यालय के लिए जमीन का एक बड़ा हिस्सा दान करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह का कोई उल्लेख नहीं है।

इतिहास की इस भूल के सुधार की जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह को उनका गौरव वापस दिलाने का संकल्प लिया था। योगी ने राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर अलीगढ़ जनपद में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापना की घोषणा की थी। बकौल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ “राजा महेंद्र प्रताप ने अपनी पूरी सम्पत्ति दान कर दी मगर उनके साथ न्याय नहीं हुआ। उन्हें भुला दिया गया।”