newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Narendra Modi Speech: हर मायने में खास रहा PM मोदी का भाषण, जानें स्पीच की वो अहम बातें जिन्हें हर भारतीय का जानना है जरूरी

Narendra Modi Speech: आज स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से देशवासियों का संबोधन किया। पीएम मोदी ने 130 करोड़ जनता के सामने देश की चेतना और ताकत का जिक्र बार-बार किया।

नई दिल्ली। आज भारत ने आजादी के 75 साल पूरे कर लिए हैं। उस उपलक्ष्य में देशभर में हर घर तिरंगा अभियान और आजादी का अमृत महोत्सव सेलिब्रेट किया जा रहा है। आज स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से देशवासियों का संबोधन किया। पीएम मोदी ने 130 करोड़ जनता के सामने देश की चेतना और ताकत का जिक्र बार-बार किया। अपने पूरे भाषण में पीएम मोदी ने देश के विकास और प्रगति, परिवारवाद,भ्रष्टाचार,मेड इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और एकता और अखंडता जैसे विषयों पर बात की। तो चलिए हम आपको बताते हैं कि  80 मिनट से ज्यादा के भाषण में पीएम मोदी ने किन खास चीजों पर फोकस किया। जिनके बारे में हर भारतीय को पता होना जरूरी है।

आन-बान-शान का प्रतीक है तिरंगा

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत देशवासियों को बधाई देकर की। साथ ही तिरंगे को आन-बान-शान का प्रतीक बताया। उन्होंने उन लोगों को याद करने की अपील की जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने भगत सिंह, आजाद, राजगुरु जैसे क्रांतिकारियों को कोटि-कोटि नमन किया। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने अपने भाषण में नारी शक्ति को भी सलाम किया और  दुर्गा भाभी, चिलम्मा, हजरत महल, रानी लक्ष्मीबाई समेत कई वीरांगनाओं को याद किया। पीएम मोदी ने आजादी के दिन का जिक्र करते हुए कहा कि हमने बहुत कुछ झेला,देश छिन्न-भिन्न हो रहा गया था लेकिन विपरीत परिस्थितियों में देश आगे बढ़ता रहा। किसी को अंदाजा नहीं था कि ये भारत की मिट्टी है जो सिर्फ जन्म देती है। अन्न संकट से लेकर युद्ध की परिस्थितियों तक को झेलकर भारत आगे बढ़ता रहा।

देश में बढ़ रही चेतना- पीएम मोदी

हर घर तिरंगा अभियान की सफलता पर पीएम ने कहा कि ये देखकर खुशी होती है कि देश में चेतना जागृत हो रही है। एक बार फिर तिरंगे ने देश के सामर्थ्य को दिखा दिया। कोरोना महामारी और वैक्सीनेशन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया को हमारी वैक्सीन पर शक था लेकिन 200 करोड़ वैक्सीन का आंकड़ा सिर्फ हमारे देश ने पार किया। जिसे देखकर पूरी दुनिया चौंक गई। उन्होंने अगले 25 सालों का लक्ष्य स्थापित करते हुए कहा कि आने वाले 25 साल बहुत जरूरी है। आज हम देशवासी मिलकर पांच प्रण लेते हैं जिनको हमें 25 सालों में पूरा करना है। पहला विकास का प्रण, दूसरा गुलामी के सारे अंश को दूर करना, तीसरा विरासत पर गर्व करें,चौथा-एकता और एकजुटता और पांचवा-नागरिकों का कर्तव्य। इससे पहले हमने स्वच्छता अभियान चलाया था जो आज सफल हुआ है। इसके अलावा देश ने इथेनॉल ब्लेंडिंग कम करने का भी संकल्प लिया है। हमें उसे भी पूरा करना चाहिए।