newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Corona Vaccination: रिकॉर्ड टीकाकरण पर RML अस्पताल पहुंचे PM मोदी, स्वास्थ्यकर्मियोंं का बढ़ाया हौसला

Corona Vaccination: वहीं भारत के 100 करोड़ वैक्सीनेशन डोज़ का आंकड़ा पार करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के आरएमएल (RML) अस्पताल में वैक्सीनेशन सेंटर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बातचीत की। 

नई दिल्ली। कोरोनावायरस महामारी के खिलाफ भारत ने बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। गुरुवार को भारत ने महामारी से जंग के दौरान 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन की डोज लगाने में कामयाबी हासिल की है। इसका पूरा श्रेय हमारे स्वास्थ्यकर्मियोंं को जाना चाहिए जिन्होंने दिन रात कड़ी मेहनत करके आज देश को इस मुकाम पर पहुंचाया है। वैक्सीनेशन को मिली इस नई रफ्तार से भारत को कोरोना के खिलाफ जंग में नई धार मिली है और  इसके साथ ही इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी सभी चिकित्सकर्मियों पर साफ झलक रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के खिलाफ चल रही देश की लड़ाई में बने इस नए कीर्तिमान को सामूहिक प्रयासों की जीत बताते हुए देशवासियों को बधाई दी है।

वहीं भारत के 100 करोड़ वैक्सीनेशन डोज़ का आंकड़ा पार करने पर प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के आरएमएल (RML) अस्पताल पहुंचे। पीएम मोदी ने वैक्सीनेशन सेंटर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढाते हुए कहा है कि, कोरोना को मिलकर हराना है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देश के इस कीर्तिमान पर कोरोना वैक्सीनेशन अभियान से जुड़े सभी डॉक्टरों, नर्सों और अन्य लोगों के प्रति आभार जताते हुए ट्वीट किया, “भारत ने इतिहास रच दिया। हम भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की विजय देख रहे हैं। 100 करोड़ वैक्सीनेशन पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार।”

दरअसल , 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए भारत ने कई स्तरों पर तेजी से सामूहिक प्रयास किया। भारत की रफ्तार का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि देश में कोविड वैक्सीन की 434 डोज प्रति सेकेंड लगाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर 17 सितंबर, 2021 को 2.5 करोड़ डोज एक दिन में लगाकर भारत ने विश्व रिकॉर्ड बना दिया था। वैक्सीन के वितरण के लिए ड्रोन तक का इस्तेमाल किया गया।

देश की 75 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन का पहला डोज लगाया जा चुका है। देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने पहली खुराक के 100 प्रतिशत के लक्ष्य को भी हासिल कर लिया है। भाजपा मोदी सरकार की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए देश भर में कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।