newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Priyanka Raag: देश की जनता ने नकार दिया लेकिन प्रियंका की नज़रों में कमी जनता में है, देखिए कांग्रेस महासचिव ने जनता पर कैसे फोड़ा ठीकरा

प्रियंका गांधी के बोल बीजेपी के लिए भी तारीफ करते हुए फूटे। उन्होंने कहा, ‘आज भाजपा की विचारधारा अलग है और भाजपा अपनी विचारधारा घर-घर में ले जा रही है, हम नहीं ले जा पा रहे हैं। हमें मजबूत होना पड़ेगा, हमें अपनी विचारधारा को ठीक से समझना पड़ेगा।’

लखनऊ। 2014, 2017, 2019 और 2022…ये चार साल नहीं, 8 साल का हिसाब है। हिसाब ये कि इस दौरान देश की सबसे पुरानी 137 साल वाली पार्टी कांग्रेस का दम बीजेपी के सामने निकल चुका है। फिर भी इस पार्टी के नेताओं से अपनी बड़बोली जुबान संभाली नहीं जा रही। ताजा मामला कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का है। बुधवार को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी ने देश की जनता को परोक्ष तौर पर ‘अंधा’ बता दिया। वो ये भी दावा करने लगीं कि अगर किसी को कुछ दिख रहा है, तो वो कांग्रेस ही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने पार्टी की दुर्गति का ठीकरा भी अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं पर थोप दिया।

priyanka gandhi 1

इस साल की शुरुआत में 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव हुए थे। इनमें यूपी भी था। ‘दादी जैसी नाक’ का डंका बजाकर प्रियंका गांधी का प्रचार करते हुए कांग्रेसियों ने यूपी का चुनाव लड़ा, लेकिन नतीजे में पिछली बार से 5 सीटें कम हो गईं। कांग्रेस को मिलीं सिर्फ 2 सीटें। यहां तक कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और जुझारू नेता अजय कुमार लल्लू तक अपनी सीट हार गए। फिर भी प्रियंका गांधी को अपनी पार्टी की जगह देश के लोगों की ‘नजर’ में कमी दिख रही है।

प्रियंका का भाषण आप इस पैराग्राफ के ऊपर देख और सुन सकते हैं। बहरहाल, प्रियंका ने जनता को परोक्ष तौर पर अंधा बताते हुए कहा, ‘जिला अध्यक्ष अकसर मुझे कहते हैं कि दीदी इतने सारे कार्यक्रम हम कैसे करें, लेकिन कोई और राह नहीं है, हमें और भी करना पड़ेगा, गांव-गांव तक, घर-घर तक पहुंचना पड़ेगा, क्योंकि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, कांग्रेस के नेता हैं, हम ही समझते हैं कि इस देश का क्या हो रहा है। पब्लिक नहीं देख पा रही है, इस समय। तो उनको दिखाना हमारा काम है।’ प्रियंका का इस बयान से पहले अपने ही कार्यकर्ताओं पर भी निशाना रहा। उन्होंने कहा, ‘मैंने अकसर कहा है कि हमारे कई कार्यक्रम अपने ही दायरे में रह जाते हैं। हम कहीं पर कोई आयोजन करते हैं, किसी कार्यक्रम का तो कांग्रेस के कार्यकर्ता, कांग्रेस के नेता आते हैं, लेकिन पब्लिक के कितने लोग आते हैं, हम नए-नए कितने लोगों को जोड़ रहे हैं। तो हमारे सामने बहुत स्पष्ट है कि हमें आगे करना क्या है। जितना काम हमने किया, जितनी मेहनत हमने की, उससे दोगुनी करनी पड़ेगी।’ इसके आगे प्रियंका गांधी के बोल बीजेपी के लिए भी तारीफ करते हुए फूटे। उन्होंने कहा, ‘आज भाजपा की विचारधारा अलग है और भाजपा अपनी विचारधारा घर-घर में ले जा रही है, हम नहीं ले जा पा रहे हैं। हमें मजबूत होना पड़ेगा, हमें अपनी विचारधारा को ठीक से समझना पड़ेगा।’ यानी प्रियंका ने मान लिया कि बीजेपी इस वजह से कांग्रेस को लगातार पीट रही है, क्योंकि उसका जनता से सीधा जुड़ाव है और कांग्रेस के लोग घरों में बैठकर सियासत कर रहे हैं।