newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram Temple Darshan Timing: राम नवमी पर अयोध्या जाना चाहते हैं?, जान लीजिए कितने बजे से कितने बजे तक कर सकेंगे भगवान रामलला के दर्शन

Ram Temple Darshan Timing: श्रद्धालुओं को इस दौरान प्रसाद का अच्छे से वितरण हो सके, इसके लिए भी व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मीडिया को बताया कि अभी हर रोज भगवान रामलला के दर्शन 14 घंटे के लिए कराए जा रहे हैं।

अयोध्या। रामनगरी यानी अयोध्या में राम मंदिर बन गया। भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। इस प्राण प्रतिष्ठा के बाद नए राम मंदिर में पहली राम नवमी मनाई जाने वाली है। राम मंदिर का प्रबंधन देखने वाले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का मानना है कि राम नवमी पर भगवान रामलला के दर्शन करने 25 लाख श्रद्धालु आ सकते हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान रामलला के दर्शन कर सकें, इसकी व्यवस्था के लिए ट्रस्ट की एक बैठक अयोध्या में हुई। पहले चर्चा थी कि राम नवमी पर राम मंदिर में भगवान रामलला के 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था रहेगी, लेकिन ट्रस्ट ने इस चर्चा को विराम लगा दिया है।

 

ट्रस्ट की बैठक में तय हुआ है कि 15 से 17 अप्रैल यानी राम नवमी के दिन तक हर रोज 20 घंटे दर्शन होता रहेगा। 18 अप्रैल को अगर भक्तों की भीड़ हुई, तो दर्शन लंबे समय तक कराने के बारे में फैसला लिया जाएगा। श्रद्धालुओं को इस दौरान प्रसाद का अच्छे से वितरण हो सके, इसके लिए भी व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मीडिया को बताया कि अभी हर रोज भगवान रामलला के दर्शन 14 घंटे के लिए कराए जा रहे हैं। राम नवमी के कारण श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की लेन भी बढ़ाकर 7 किए जाने की तैयारी है। अभी 4 लेन से होकर ही श्रद्धालु गर्भगृह में पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन करते हैं।

राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कई दिन तक हर रोज 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। इससे पहले दिन व्यवस्था भी चरमरा गई थी। खुद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या पहुंचकर व्यवस्था ठीक कराना पड़ा था। अब भी हर रोज एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु भगवान रामलला के दर्शन कर रहे हैं। राम नवमी पर श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ी वृद्धि होने की संभावना पहले से ही जताई जा रही है। ऐसे में किसी तरह का हादसा न हो, इसके लिए भी अयोध्या प्रशासन व्यवस्था कर रहा है।