newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

इस तरह ‘दबाव’ बनाकर प्रियंका ने राणा कपूर को बेची पेंटिंग

कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने यस बैंक के एमडी और सीईओ राणा कपूर को 1 मई 2010 को लिखी चिट्ठी में राजीव गांधी की पेंटिंग और प्रियंका गांधी का ज़िक्र किया।

नई दिल्ली। कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने यस बैंक के एमडी और सीईओ राणा कपूर को 1 मई 2010 को लिखी चिट्ठी में राजीव गांधी की पेंटिंग और प्रियंका गांधी का ज़िक्र किया।

मिलिंद देवड़ा ने लिखा कि वे राजीव गांधी की ऐतिहासिक पेंटिंग खरीदने के लिए सीधा प्रियंका गांधी से संपर्क करें, उन्हें ईमेल करें।

मिलिंद इस सौदे के लिए इस कदर बेताब थे कि उन्होंने 7 दिन बाद यानि 8 मई 2010 को फिर से राणा कपूर को मेल लिखकर पूछा कि उनसे बात करने का सही वक्त क्या रहेगा?

पेंटिंग के लेनदेन की खातिर कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा और यस बैंक के एमडी राणा कपूर के बीच मैसेज पर बातचीत का लंबा सिलसिला भी रहा।

milind deora

30 अप्रैल 2010 से लेकर 3 जून 2010 तक मिलिंद देवड़ा ने इसी सिलसिले में राणा कपूर को कई मैसेज भेजे।

इन मैसेज में मिलिंद देवड़ा राणा कपूर पर पेंटिंग की खरीददारी और चेक भुगतान के लिए दबाव बनाते पाए गए।

29 मई 2010 के मैसेज में मिलिंद देवड़ा ने प्रियंका के साथ ही सोनिया का भी ज़िक्र किया। देवड़ा ने लिखा कि प्रियंका और उनकी माँ दोनो चाहती हैं कि चेक का भुगतान अगले हफ्ते की शुरुआत में ही हो जाए।

2 जून को मिलिंद देवड़ा ने एक बार फिर से राणा कपूर पर दबाव बनाया। देवड़ा ने कपूर को मैसेज में लिखा कि वह चेक कब collect कर सकते हैं। देवड़ा ने यह भी लिखा कि वे हफ्ते दर हफ्ते उन्हें (प्रियंका और सोनिया) को यक़ीन दिलाते जा रहे हैं मगर अब उनका धैर्य ख़त्म होने लगा है। सो अब चेक का भुगतान हो जाना चाहिए।

इसके बाद 3 जून 2010 को राणा कपूर ने 2 करोड़ का चेक प्रियंका तक पहुंचा दिया।

4 जून 2010 को प्रियंका गांधी ने राणा कपूर को पत्र लिखा। इस चिट्ठी में प्रियंका ने राणा कपूर को उनके पिता राजीव गांधी की पेंटिंग खरीदने के लिए शुक्रिया कहा। यह पेंटिंग एमएफ हुसैन ने राजीव गांधी को साल 1985 में भेंट की थी।

इस चिट्ठी में प्रियंका गांधी ने राणा कपूर की तरफ से पेंटिंग की कीमत के तौर पर दिए गए 2 करोड़ के चेक का भी ज़िक्र किया। राणा कपूर ने यह भुगतान 3 जून के HSBC बैंक खाते के चेक के जरिये किया।