newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amritpal Singh: डेरों और गुरुद्वारों में हो रही अमृतपाल सिंह की तलाश, 18 मार्च से भगोड़ा है खालिस्तान समर्थक

अमृतपाल के चाचा और ड्राइवर समेत कई करीबियों को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इन सभी करीबियों को पंजाब पुलिस ने असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा था। पंजाब पुलिस ने उसके 40 से ज्यादा अनुयायियों को रिहा भी कर दिया है। कुछ और लोगों को भी पंजाब पुलिस रिहा करने की तैयारी कर रही है।

अमृतसर। वारिस पंजाब दे के मुखिया और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश अब भी जारी है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस अब उसकी तलाश राज्य के तमाम डेरों और गुरुद्वारा में कर रही है। अमृतपाल सिंह 18 मार्च को पंजाब पुलिस के एक्शन के बाद से ही फरार है। सीसीटीवी वीडियो में वो लुधियाना, हरियाणा और दिल्ली में नजर आया था। उसके 2 फेसबुक वीडियो भी आए थे। इन फेसबुक वीडियो में उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल सिंह विदेश नहीं भाग सका और लौटकर पंजाब आ गया है। बीते दिनों वो अपने दो साथियों के साथ होशियारपुर में एक गाड़ी में देखा गया, लेकिन पुलिस के पीछा करने के बाद भी पकड़ा नहीं जा सका।

Amritpal Singh pic

अमृतपाल सिंह को सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने भी सरेंडर करने की नसीहत दी थी, लेकिन उसने उनकी बात भी मानने से इनकार कर दिया। इससे पहले सूत्रों के हवाले से खबर आई थी कि अमृतपाल ने सरेंडर करने के लिए तीन शर्तें रखी हैं, लेकिन खालिस्तान समर्थक ने वीडियो जारी कर इससे इनकार कर दिया। उधर, पंजाब पुलिस भी लगातार ये दावा कर रही है कि जल्दी ही अमृतपाल सिंह को दबोच लिया जाएगा। हालांकि, पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। अमृतपाल सिंह के करीबी जोगा सिंह को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि इससे भगोड़े को गिरफ्तार करने में आसानी होगी।

amritpal1

अमृतपाल के चाचा और ड्राइवर समेत कई करीबियों को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इन सभी करीबियों को पंजाब पुलिस ने असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा था। पंजाब पुलिस ने उसके 40 से ज्यादा अनुयायियों को रिहा भी कर दिया है। कुछ और लोगों को भी पंजाब पुलिस रिहा करने की तैयारी कर रही है। ये वो लोग हैं, जो धार्मिक कारणों से अमृतपाल सिंह से जुड़े थे। उसके रोज के कामकाज से इन लोगों का कोई लेना-देना नहीं है।