newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP: 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले 9 राज्यों में होंगे मतदान, जानिए क्यों है बीजेपी के लिए ये केंद्र की सत्ता का सेमीफाइनल?

गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव निपट गए। गुजरात में बीजेपी ने 27 साल के शासन के बावजूद झंडा गाड़ दिया। हिमाचल के वोटरों ने अपने पुराने रुख को बरकरार रखते हुए इस बार कांग्रेस को सत्ता सौंप दी। ये दो चुनाव तो अहम थे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल अगले साल होना है।

नई दिल्ली। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव निपट गए। गुजरात में बीजेपी ने 27 साल के शासन के बावजूद झंडा गाड़ दिया। हिमाचल के वोटरों ने अपने पुराने रुख को बरकरार रखते हुए इस बार कांग्रेस को सत्ता सौंप दी। ये दो चुनाव तो अहम थे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल अगले साल होना है। अगले साल सेमीफाइनल इसलिए क्योंकि 9 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के सामने इन चुनावों में ज्यादातर में जीत हासिल करने की चुनौती है। इन चुनावों के नतीजे ये बताएंगे कि मोदी सरकार के प्रति लोगों का रुझान कितना है और किस करवट 2024 के लोकसभा चुनाव का ऊंट बैठ सकता है। तो देखते हैं इन 9 राज्यों का पिछला चुनावी हाल कैसा रहा था।

election

नगालैंड विधानसभा में 60 सीटें हैं। यहां विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2023 में खत्म हो रहा है। पिछली बार बीजेपी ने एनडीपीपी के साथ सरकार बनाई थी। बीजेपी को यहां 12 सीटें मिली थीं। मेघालय में 60 सीटें हैं। यहां विधानसभा मार्च 2023 तक है। पिछली बार एनपीपी ने सरकार बनाई थी। इस बार भी एनपीपी ने अकेले चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। त्रिपुरा में 60 सीटें हैं। यहां विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2023 तक है। बीजेपी ने यहां पिछली बार सीपीएम के 25 साल के शासन को खत्म किया था। इसके बाद कर्नाटक का नंबर आता है। यहां मई 2023 तक विधानसभा का कार्यकाल है। बीजेपी ने कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरने के बाद दलबदल से सत्ता संभाली थी।

election

मिजोरम विधानसभा में 40 सीट हैं। इसका कार्यकाल दिसंबर 2023 तक है। यहां मिजो नेशनल फ्रंट ने पिछली बार सरकार बनाई थी। अहम राज्य छत्तीसगढ़ में 90 सीट हैं। विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2024 में खत्म होगा। यहां कांग्रेस ने पिछली बार 68 सीटें हासिल की थीं। मध्यप्रदेश में 230 सीटें विधानसभा में हैं। यहां कार्यकाल जनवरी 2024 तक है। कांग्रेस ने चुनाव जीता था, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के बाद 22 कांग्रेस विधायकों के साथ बीजेपी ने सत्ता हासिल कर ली थी। एक और अहम राज्य राजस्थान है। यहां 200 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2024 तक है। यहां पिछली बार कांग्रेस ने 99 सीट और बीजेपी ने 73 सीट जीती थीं। इसके अलावा दक्षिण भारत का अहम राज्य तेलंगाना है। यहां 119 सीट हैं और विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2024 तक है। के. चंद्रशेखर राव ने लगातार यहां दूसरी बार सत्ता हासिल की थी। इस बार बीजेपी यहां काफी मेहनत कर रही है।