newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, बेटी मल्लिका दुआ ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर दी जानकारी

पत्रकारिता के क्षेत्र में विनोद दुआ एक बड़ा नाम थे, उन्होंने कई समाचार चैनलों में भी काम किया था विनोद दुआ को भारत सरकार द्वारा 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया था.इतना ही नहीं उन्हें पत्रकारिता के बड़े सम्मान रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

नई दिल्ली। देश के जाने माने पत्रकार विनोद दुआ का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। विनोद दुआ पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी चिन्ना दुआ दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तब विनोद दुआ की पत्नी चिन्ना दुआ की मौत हो गई थी। तब से ही वे बीमार चल रहे थे।

Vinod dua

पिता विनोद दुआ ने निधन की पुष्टि करते हुए बेटी मल्लिका दुआ ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि हमारे निडर और असाधारण पिता, विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने एक अद्वितीय जीवन जिया, दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से 42 वर्षों तक वह पत्रकारिता को शिखर तक बढ़ाते हुए हमेशा सच बोलते रहे। वे अब हमारी मां, उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में हैं, जहां वे गाना, खाना बनाना, यात्रा करना एक-दूसरे के लिए जारी रखेंगे।

पत्रकारिता के क्षेत्र में विनोद दुआ एक बड़ा नाम थे, उन्होंने कई समाचार चैनलों में भी काम किया था विनोद दुआ को भारत सरकार द्वारा 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इतना ही नहीं उन्हें पत्रकारिता के बड़े सम्मान रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें जून 2017 में, पत्रकारिता के क्षेत्र में  उपलब्धि के लिए, मुंबई प्रेस क्लब ने उन्हें रेडइंक पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।

vinod dua1

विनोद दुआ दूरदर्शन से लेकर एनडीटीवी जैसे चैनलों में काम कर चुके हैं। एनडीटीवी में उनका शो जायका शो काफी मशहूर हुआ था। जिसमें वे रेस्टोरेंट और खाने की खासियत बताते हुए नजर आते थे। इससे कुछ दिन पहले भी विनोद दुआ के निधन की खबर सामने आई थी लेकिन तब उनकी बेटी ने कहा था कि उनके पिता अभी जिन्दा हैं लेकिन आप सभी के दुआवों की उन्हें जरूरत है।