newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sonia On Helm: आज कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगी सोनिया गांधी, जानिए क्या है मीटिंग का एजेंडा

2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनावों के अलावा 2017 में यूपी में भी कुछ खास कांग्रेस नहीं कर सकी है। ऐसे में पार्टी के सामने अब बड़ी चुनौती पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं।

नई दिल्ली। कांग्रेस की आज अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में सभी महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों को बुलाया गया है। सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस की ये अहम बैठक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में होगी। पिछले दिनों कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद सोनिया गांधी फिर फ्रंट फुट पर हैं। उन्होंने आज की बैठक पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुलाई है। अगले साल यानी 2022 में यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें से पंजाब के अलावा कहीं भी कांग्रेस की सरकार नहीं है। कांग्रेस कोशिश कर रही है कि किसी तरह यूपी, उत्तराखंड और गोवा में उसकी सरकार बन जाए, लेकिन हालात ऐसे हैं कि पंजाब में ही कांग्रेस में मचे घमासान की वजह से वहां उसका ध्यान अटक गया है। कांग्रेस की अभी पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकारें हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में उसने सरकार को समर्थन दे रखा है। 2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनावों के अलावा 2017 में यूपी में भी कुछ खास कांग्रेस नहीं कर सकी है। ऐसे में पार्टी के सामने अब बड़ी चुनौती पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं।

sonia gandhi

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक आज होने जा रही बैठक में सोनिया गांधी सभी महासचिवो, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों से जानना चाहेंगी कि उनके राज्य में कांग्रेस का क्या हाल है। साथ ही चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने का काम होगा। माना जा रहा है कि कांग्रेस यूपी समेत पांचों राज्यों में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाएगी। यूपी की प्रभारी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल के दिनों में सरकार बनने पर मुफ्त योजनाएं लागू करने के एलानों की झड़ी लगाई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस बाकी राज्यों में भी अपनी ये रणनीति लागू कर सकती है।

Rahul and sonia

पिछले दिनों कांग्रेस कार्यसमिति में पार्टी के अध्यक्ष को लेकर सवाल उठने पर कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ये कहकर नेताओं को शांत कराया था कि वह ही कांग्रेस अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा था कि किसी को भी उनके पद को कमतर करके आंकना नहीं चाहिए। इस बयान के बाद अब सोनिया गांधी अपनी सक्रियता दिखाने मैदान में उतर रही हैं। दरअसल, कांग्रेस के 23 नेताओं ने चिट्ठी जारी की थी। इस चिट्ठी में कहा गया था कि स्थायी अध्यक्ष न होने का पार्टी को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कार्यसमिति बैठक में ये भी सोनिया ने साफ कर दिया कि 2022 के अक्टूबर महीने तक कांग्रेस का स्थायी अध्यक्ष चुन लिया जाएगा।