newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Hyderabad: तेलंगाना के बीजेपी विधायक राजा सिंह ने की पैगंबर पर विवादित टिप्पणी, हंगामे के बाद गिरफ्तार

तेलंगाना के बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजा सिंह ने कथित तौर पर एक वीडियो जारी कर पैगंबर मोहम्मद के बारे में टिप्पणी की। राजा सिंह का वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद में जगह-जगह लोग प्रदर्शन कर रहे थे। जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।

हैदराबाद। तेलंगाना के बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजा सिंह ने कथित तौर पर एक वीडियो जारी कर पैगंबर मोहम्मद के बारे में टिप्पणी की। राजा सिंह का वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद में जगह-जगह लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद उनके खिलाफ हैदराबाद पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया था। हैदराबाद पुलिस के डीसीपी पी. साई चैतन्य ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार रात साउथ जोन डीसीपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि बीजेपी विधायक ने उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया।

दबीरपुरा, भवानी नगर, मिचौक, रेनबाजार में लोग पुलिस स्टेशनों में पहुंच गए ओर प्रदर्शन करने लगे। केस दर्ज होने के बाद टी. राजा सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उनके खिलाफ गलत केस दर्ज हुआ है। उनका कहना था कि किसी व्यक्ति का नाम लेकर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। राजा सिंह ने ये भी कहा कि अगर कुछ लोगों को मेरे कुछ कहने से दिक्कत है, तो क्या हमारे भगवान राम और माता सीता कुछ नहीं हैं। बीजेपी विधायक ने ये भी कहा था कि वो एक और वीडियो जारी करेंगे और उसमें अपना पक्ष रखेंगे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया।

t raja singh 2

इससे पहले राजा सिंह ने स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को भी कथित तौर पर धमकी दी थी। उन्होंने फारूकी के शो को भी रद्द करने की मांग की थी। इससे पहले बीते शुक्रवार को जब टी. राजा सिंह ने मुनव्वर फारूकी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश की थी, तो पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में भी ले लिया था।