newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ramlila In Ayodhya: रामनगरी में इस बार भी होगी भव्य रामलीला, ये नेता और बॉलीवुड एक्टर निभाएंगे किरदार

Ramlila In Ayodhya: अयोध्या में पहली बार 2020 में रामलीला हुई थी। कोरोना की वजह से तब भी यहां दर्शक नहीं थे। रामलीला की टीवी चैनलों और यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग हुई थी। इस बार भी ऐसा ही होगा। पिछले साल करीब 16 लाख लोगों ने घर पर बैठकर इस रामलीला का आनंद लिया था।

अयोध्या। रामनगरी में एक बड़ा आयोजन इस साल 6 से 15 अक्टूबर तक होने जा रहा है। यह है यहां की विश्व प्रसिद्ध रामलीला। इस रामलीला में बीजेपी के कई नेता और फिल्म स्टार भी किरदार निभाएंगे। राम मंदिर जहां बन रहा है, वहां से महज 2 किलोमीटर दूर रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस रामलीला में गोरखपुर से बीजेपी के सांसद और भोजपुरी एक्टर रवि किशन, असरानी और शक्ति कपूर भी दिखेंगे। इनके अलावा बॉलीवुड के कई और कलाकार भी भूमिका निभाएंगे। अयोध्या की रामलीला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी के संस्कृति मंत्री नीलकंठ तिवारी, अयोध्या शोध संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से हो रही है।

Ayodhya Ramleela Ganesha

जानकारी के मुताबिक रवि किशन परशुराम के रोल में दिखेंगे। शक्ति कपूर अहिरावण के रोल में रामलीला करेंगे। असरानी अपने चिर परिचित अंदाज में नारद के रोल में रामलीला देखने वालों को गुदगुदाएंगे। फिल्मों और रामायण सीरियल में हनुमान के रोल करने वाले दारा सिंह के बेटे बिंदू दारा सिंह रामलीला में हनुमान बनेंगे। वहीं, रजा मुराद कुंभकर्ण की भूमिका में दिखेंगे। स्वयंवर के दृश्य में भाग्यश्री माता सीता बनेंगी। बाकी रामलीला में श्वेता गुप्ता माता सीता का रोल करेंगी। शाहबाज खान रावण, राज माथुर भरत, अवतार गिल विभीषण, अमिता नांगिया कैकयी और गोविंदा के साथ कई फिल्में करने वाली ऋतु शिवपुरी माता कौशल्या का रोल करेंगी। राकेश बेदी भी रामलीला में हिस्सा लेंगे।

Asrani Ayodhya Ramleela

अयोध्या में पहली बार 2020 में रामलीला हुई थी। कोरोना की वजह से तब भी यहां दर्शक नहीं थे। रामलीला की टीवी चैनलों और यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग हुई थी। इस बार भी ऐसा ही होगा। पिछले साल करीब 16 लाख लोगों ने घर पर बैठकर इस रामलीला का आनंद लिया था। पिछली बार रवि किशन ने भरत और मनोज तिवारी ने अंगद का रोल किया था। दिल्ली की रामलीला में रवि किशन अंगद, परशुराम, भीष्म, कर्ण और द्रोणाचार्य बन चुके हैं। जबकि, मनोज तिवारी 2019 में परशुराम बने थे।