newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

MCD Election Today: आज हैं MCD के 250 वार्ड के चुनाव, राजधानी में कड़ी सुरक्षा, बीजेपी का ये प्रत्याशी सबसे अमीर

आज दिल्ली नगर निगम यानी MCD के चुनाव हैं। कुल 250 वार्डों के लिए आज वोट डाले जाएंगे। 1349 उम्मीदवार एमसीडी चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को पारदर्शी और हिंसा विहीन कराने के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है।

नई दिल्ली। आज दिल्ली नगर निगम यानी MCD के चुनाव हैं। कुल 250 वार्डों के लिए आज वोट डाले जाएंगे। 1349 उम्मीदवार एमसीडी चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को पारदर्शी और हिंसा विहीन कराने के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस ने करीब 40000 कर्मचारियों के अलावा 20000 अर्धसैनिक बल, होमगार्ड और राज्य सशस्त्र पुलिस की 108 कंपनियों को राजधानी में तैनात किया है। कानून और व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 60 ड्रोन भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। कई इलाकों में पिछले कुछ महीनों में सांप्रदायिक तनाव भी हुआ था। जिसकी वजह से पुलिस बहुत चौकसी बरत रही है। बड़े अफसर कल शाम से ही अपने दफ्तरों में हैं।

delhi police

एमसीडी चुनाव में वैसे तो एक हजार से ज्यादा उम्मीदवार हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी के रामदेव शर्मा की है। इसकी वजह ये है कि वो सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। रामदेव शर्मा बल्लीमारान के 79 नंबर वार्ड से एमसीडी पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में उन्होंने खुद की संपत्ति 66.90 करोड़ बताई है। रामदेव शर्मा के मुताबिक उनके पास दिल्ली में 26 भवन हैं। उनके पास 55 करोड़ की अचल संपत्ति के अलावा 11 करोड़ की चल संपत्ति भी है। उन्होंने साल 2020-21 में 55 लाख का इनकम टैक्स रिटर्न भी भरा था।

BJP

रामदेव ने बताया है कि उन्होंने 8 करोड़ का लोन दे रखा है। उनकी पत्नी निशा ने 3 करोड़ का लोन दिया है। नकदी के तौर पर रामदेव के पास 2.90 लाख और पत्नी के पास 5000 रुपए हैं। रामदेव शर्मा के पास 2.93 लाख का सोना है। पत्नी के पास 31 लाख से ज्यादा का सोना है। रामदेव ने 8 करोड़ का लोन ले रखा है। जबकि पत्नी ने 24 लाख का लोन लिया है। करोड़ों की संपत्ति के मालिक रामदेव और उनकी पत्नी निशा हैं, लेकिन दोनों के पास ही अपनी कोई गाड़ी नहीं है। रामदेव 8वीं पास हैं।