newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

सिख समुदाय ने पेश की धार्मिक सौहार्दता की मिसाल, जामा मस्जिद को किया सेनिटाइज

आज जब वैश्विक महामारी कोविड-19 से अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई तो सिखों की दिलेरी तो देखने में बन रही है। इस समुदाय ने सेवाभाव को जारी रखते हुए दिल्ली के जामा मस्जिद को शुक्रवार को सैनिटाइज किया।

नई दिल्ली। सिख समुदाय हमेशा से ही सेवाभाव और धार्मिक एकता की मिसाल पेश करता आया है। जब भी न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में संकट दिखाई देता है वहां जरूरतमंदों की मदद के लिए सिख समुदाय लोगों की सेवा में तत्पर दिखता है। आज जब वैश्विक महामारी कोविड-19 से अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई तो सिखों की दिलेरी तो देखने में बन रही है। इस समुदाय ने सेवाभाव को जारी रखते हुए दिल्ली के जामा मस्जिद को शुक्रवार को सैनिटाइज किया। रमजान के आखिरी जुमे के दिन सिख समुदाय की इस सेवा पर जामा मस्जिद को प्रबंधकों ने भी खुशी का इजहार किया।

 

सामुदायिक एकजुटता के एक प्रभावपूर्ण अभियान में सिख स्वयंसेवकों के एक दल ने दिल्ली की जामा मस्जिद का दौरा किया और 17 वीं शताब्दी में बनाई गई जामा को सेनेटाइज़ किया। गौरतलब है कि इस वक्त राष्ट्रीय राजधानी कोरोनोवायरस से जूझ रही है, इसको देखते हुए जामा मस्जिद को धार्मिक जमावड़ों, अजान के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, सिख स्वयंसेवकों की टीम ने यह सुनिश्चित करने के लिए स्मारक को प्रभावी ढंग से साफ किया कि यह देखभाल करने वालों और मस्जिद में आने वालों के लिए सुरक्षित रहे।

यूनाइटेड सिख कम्युनिटी से जुड़े स्वयंसेवकों ने इस दौरान दौरान जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम से मुलाकात की। इमाम ने सिख कम्युनिटी की टीम को इस मानवीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- ”सिख समुदाय ने हमेशा मानवता के लिए जबरदस्त प्रतिबद्धता जाहिर की है और हम उनकी पहल के लिए पूरी सिखों की टीम के आभारी हैं। मानव जाति के सामने खड़े इस बहुत बड़े संकट से केवल तभी लड़ा जा सकता है जब सभी समुदाय, राष्ट्र और लोग एकजुट होकर लड़ाई लड़ें।

दरअसल, कोरोना संकट में कई संगठन और विभिन्न समुदायों के लोग जरूरतमंदों की दिल खोलकर मदद कर रहे हैं। सिख समुदाय भी गरीबों और प्रवासी मजदूरों की सेवा में जुटा है। वह जगह-जगह पर लंगर लगाकर भूखों की पेट भर रहा है। समुदाय के लोग घरों के लिए पैदल चल पड़े मजदूरों के पैरों के जख्मों की भी मरहम पट्टी कर रहे हैं।