newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Saina Nehwal Birthday: 32 की हुईं बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, जानें विरासत में मिला कौन सा हुनर?

Saina Nehwal Birthday: ओलंपिक में महिला या पुरुष किसी कैटेगरी में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय साइना ने 2012 लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। इसके अलावा वो महिला सिंगल्स में विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी भी बनीं थीं।

नई दिल्ली। देश की बेहतरीन बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल का आज जन्मदिन है। आज वो 32 की हो जाएंगी। साइना देश की सफल बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक हैं। ओलंपिक में महिला या पुरुष किसी कैटेगरी में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय साइना ने 2012 लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। इसके अलावा वो महिला सिंगल्स में विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी भी बनीं थीं। महिला वर्ग में वो ऑल इंग्लैंड के फाइनल में पहुंचने वाली अकेली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। 17 मार्च 1990 में हरियाणा के ‘हिसार’ जिले में जन्मने वाली साइना के पिता का नाम ‘हरविंद सिंह’ है। पिता के ट्रांसफर के चलते उनका परिवार हैदराबाद आ गया। सायना की मां ऊषा रानी भी अपने समय में बैडमिंटन की स्टेट लेवल चैंपियन थीं। केवल मां ही नहीं उनके पिता भी एक बैडमिंटन खिलाड़ी थे।

saina nehwal

यानी कि बैडमिंटन का खेल उन्हें विरासत में मिला है और इसके गुर वो बचपन से सीखते हुए बड़ी हुईं। सायना ने अपनी मां के सपने को पूरा करने के लिए बैडमिंटन चुना था। उनकी मां की इच्छा थी कि साइना नेशनल चैंपियन बनें। साल 2006 में अंडर-19 का नेशनल टाइटल जीतने के बाद जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में रनरअप रही थीं। देश-दुनिया के कई बड़े चैंपियनशिप जीतने वाली साइना नेहवाल कई बड़े पुरस्‍कारों से सम्मानित की जा चुकी हैं, जिसमें ‘पद्मश्री’, ‘पद्म विभूषण’, ‘अर्जुन आवार्ड’, ‘राजीव गांधी खेल रत्‍न’ पुरस्‍कार आदि शामिल हैं।

इन सब पुरस्कारों से इतर साइना की सबसे बड़ी उपलब्धि ओलंपिक में कांस्‍य पदक जीतना रही है, जिसे उन्होंने साल 2012 में लंदन ओलंपिक में जीता था। ओलंपिक खेलों में बहुत कम ही खिलाड़ी पदक जीते हैं, जिसमें साइना नेहवाल का भी नाम शामिल है। साइना की शादी बैडमिंटन खिलाड़ी ‘परुपल्ली कश्यप’ से हुई है। साइना के जीवन पर आधारित एक फिल्म ‘साइना’ भी बनी है,  जिसे 26 मार्च 2021 को देश के सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इसमें साइना का किरदार परिणीति चोपड़ा ने निभाया था।