newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

IND vs SL Asia Cup 2022: अंतिम ओवर में रोहित ने अर्शदीप की नहीं मानी बात, तो कप्तान पर भड़के फैंस, लगाई जमकर क्लास

Asia Cup 2022: इस मैच में श्रीलंका से हार के बाद अब भारतीय टीम का एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचने पर खतरा मंडरा रहा है।

नई दिल्ली। भारत का एशिया कप 2022 के राउंड 4 का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। पाकिस्तान से हार के बाद बीते मंगलवार को दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए भारत और श्रीलंका के मैच में टीम इंडिया को शिकस्त का सामना करना पड़ा। अगर तुलनात्मक रूप से देखें तो टीम इंडिया श्रीलंका की टीम पर काफी भारी पड़ती है। बावजूद इसके बीते मंगलवार को खेले गए मुकाबले में दिग्गज भारतीय टीम को श्रीलंका के युवा खिलाड़ियों से हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंकाई खिलाड़ियों के द्वारा दी गई इस शिकस्त के बाद भारतीय टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। फैंस टीम के ऐसे प्रदर्शन से काफी खफा नजर आ रहे हैं। वहीं, अब रोहित शर्मा और अर्शदीप सिंह का मैच से जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा। इस वीडियों के वायरल होने के बाद फैंस कप्तान रोहित शर्मा को लताड़ लगाते हुए नजर आ रहे हैं। आइए जानते हैं कि मामला क्या है।

रोहित शर्मा को खरी-खोटी सुना रहे हैं क्रिकेट फैंस

दरअसल, भारत द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को मैच के आखिरी ओवर में 7 रनों की जरूरत थी। मैच के इस अहम मोड़ में कप्तान रोहित शर्मा ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी पिछले मैच से चर्चाओं में आए अर्शदीप सिंह को दी। इस दौरान अर्शदीप के कंधों अपनी छह गेंद डालकर 7 रन का बचाव करते हुए टीम को जीत दिलाने की मुश्किल जिम्मेदारी थी। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा रहा है कि अपने ओवर के दौरान अर्शदीप सिंह कप्तान रोहित शर्मा को कुछ सलाह देना चाह रहे हैं, लेकिन जैसे ही वो कप्तान को कुछ कहने के लिए जाते हैं, तो उस वक्त रोहित अपना मुंह मोड़कर अर्शदीप सिंह से दूर चले जाते हैं। अब इसी पर फैंस रोहित शर्मा पर गुस्सा होते हुए दिख रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि आखिर बात तो सुन लो उसकी और कुछ बता रहे हैं कि अर्शदीप सिंह के लिए रोहित का ये वर्ताव सही नहीं है। आप वीडियो और सोशल मीडिया पर लोगों के कुछ रिएक्शन देखिए।

इस मैच में श्रीलंका से हार के बाद अब भारतीय टीम का एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचने पर खतरा मंडरा रहा है। अब आज होने वाले पाकिस्तान और अफगानिस्तान के मुकाबले पर भारतीय टीम को निर्भर रहना पड़ेगा। यदि अफगानिस्तान की टीम पाकिस्तान को हराने में कामयाब हो जाती है, तो ऐसे में भारतीय टीम को फायदा मिलने की उम्मीद है। लेकिन वर्तमान पाकिस्तानी टीम को देखकर ऐसा लगता नहीं है कि वो अफगानिस्तान की टीम को आसानी से मैच जीतने देगी। बीते दो सालों से पाकिस्तान की टीम भी अपना शानदार प्रदर्शन कर एक मजबूत टीम के रूप में स्थापित हो रही है। ऐसे में अब बुधवार की रात को पता चल पाएगा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में से कौन मैच अपने नाम करने में कामयाब होता है।