newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Tajikistan Bans Hijab : 90 फीसदी मुस्लिम आबादी फिर भी ताजिकिस्तान ने हिजाब पर लगा दिया बैन

Tajikistan Bans Hijab : ताजिकिस्तान संसद के उच्च सदन ने 19 जून को विधेयक भी पास कर दिया। इससे पहले पुरुषों के घनी दाढ़ी रखने पर भी इस देश में प्रतिबंध लगाया गया था। फ्रांस, रूस, चीन, डेनमार्क समेत दुनिया में कई ऐसे देश हैं जहां हिजाब पर प्रतिबंध है।

नई दिल्ली। दुनिया भर के कई देशों में हिजाब को लेकर अक्सर कोई न कोई विवाद छिड़ जाता है। कई लोगों का मानना है कि हिजाब मुस्लिम महिलाओं के लिए जरूरी है वहीं बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जो हिजाब का विरोध करते हैं। अब हिजाब को लेकर मुस्लिम ताजिकिस्तान ने बड़ा फैसला लिया है। ताजिकिस्तान ने अपने देश में महिलाओं के हिजाब पहनने पर पाबंदी लगा दी है। ताजिकिस्तान में लगभग 90 फीसदी आबादी मुसलमानों की है ऐसे में हिजाब पर बैन लगाना एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला फैसला है।

इस संबंध में ताजिकिस्तान की संसद के उच्च सदन ने 19 जून को विधेयक भी पास कर दिया है। इतना ही नहीं विधेयक के अनुसार ईद अल-फितर और ईद अल-अज़हा जैसे प्रमुख इस्लामी त्योहारों के लिए बच्चों के उत्सवों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही विदेशी परिधानों को पहनने पर भी रोक लगाई गई है। अब इस विधेयक के पास होने के बाद नए कानून के तहत अगर कोई महिला हिजाब पहनती है तो उसपर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। वैसे ताजिकिस्तान ने इस तरह का चौंकाने वाला फैसला पहली बार नहीं किया है। इससे पहले यहां पुरुषों के घनी दाढ़ी रखने पर भी बैन लगाया गया था।

साल 2007 में ताजिकिस्तान के शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों के लिए इस्लामी परिधान और मिनी स्कर्ट प्रतिबंध लगाया गया था और बाद में इस प्रतिबंध को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा संस्थानों के अलावा सभी सार्वजनिक संस्थानों तक लागू कर दिया गया था। गौरतलब है कि दुनिया में बहुत से ऐसे देश हैं जहां हिजाब पहनने पर पाबंदी है। इन देशों में फ्रांस, रूस, चीन, डेनमार्क शामिल हैं। कुछ समय पहले भारत में भी हिजाब को लेकर काफी विवाद छिड़ गया था जब कर्नाटक में एक शिक्षण संस्थान में छात्राओं को हिजाब पहनने की वजह से क्लास में एंट्री नहीं मिली थी।