newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Census Data: ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेजी से बढ़ रही हिंदुओं की आबादी, ईसाइयों की तादाद 50 फीसदी से हुई कम

2016 में मुस्लिमों की यहां आबादी 604240 थी, जो 2021 में 813392 हो गई। वहीं, हिंदुओं की आबादी 2016 में 440300 थी जो 2021 में बढ़कर 684002 हो गई। जनगणना के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में 39 फीसदी लोग ऐसे भी हैं, जो नास्तिक हैं।

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया में हिंदुओं की आबादी जमकर बढ़ी है। जबकि, ईसाइयों की आबादी में काफी गिरावट हुई है। ये चौंकाने वाले आंकड़े बीते साल हुई जनगणना से सामने आए हैं। यहां हर 5 साल में जनगणना की जाती है। आंकड़ों के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की आबादी करीब 2.5 करोड़ हो गई है। ईसाइयों के बारे में पता चला है कि खुद को ईसाई मुल्क कहने वाले ऑस्ट्रेलिया में अब इनकी संख्या 50 फीसदी से भी कम हो गई है। जबकि, 50 साल पहले ईसाइयों की तादाद 90 फीसदी थी। सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा हिंदुओं को लेकर है। हिंदुओं की आबादी में बड़ी उछाल की वजह सरकार ने उनके लगातार आने को बताया है।

australia hindu 2

ऑस्ट्रेलियन ब्यूरो ऑफ स्टेटिस्टिक्स यानी ABS की ओर से जारी जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक देश में हिंदुओं की आबादी 2.7 फीसदी हो गई है। पिछली जनगणना के मुताबिक उस वक्त सिर्फ 1.9 फीसदी हिंदू थे। ताजा आंकड़ों में मुस्लिमों की आबादी 3.2 फीसदी है। जबकि, 5 साल पहले वो 2.6 फीसदी थी। आंकड़ों में बताया गया है कि ऑस्ट्रेलिया में अब 44 फीसदी ही ईसाई रह गए हैं। इस तरह देखा जाए, तो सबसे ज्यादा तेजी से हिंदुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। आने वाले समय में हिंदुओं की संख्या और तेजी से बढ़ने के आसार दिख रहे हैं।

australia hindu 3

विदेश से आने वालों की बात करें, तो 2016 में करीब 10 लाख लोग ऑस्ट्रेलिया आए थे। इनमें 25 फीसदी भारतवंशी हैं। दूसरे देशों में पैदा हुए लोगों में से ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, इंग्लैंड के लोग ऑस्ट्रेलिया आकर बसने में नंबर 1 और चीन के लोग नंबर तीन पर हैं। 2016 में मुस्लिमों की यहां आबादी 604240 थी, जो 2021 में 813392 हो गई। वहीं, हिंदुओं की आबादी 2016 में 440300 थी जो 2021 में बढ़कर 684002 हो गई। जनगणना के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में 39 फीसदी लोग ऐसे भी हैं, जो नास्तिक हैं।