
वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन हाल ही में चीन गए थे। 3 दिन तक चीन में रहने और राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद अब एंटनी ब्लिंकेन ने कम्युनिस्ट देश पर गंभीर आरोप लगाया है। सीएनएन को दिए इंटरव्यू में अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने आरोप लगाया कि उनके देश में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने और उसमें हस्तक्षेप की चीन कोशिश कर रहा है। ब्लिंकेन ने ये दावा भी किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप करने के चीन के खिलाफ सबूत भी हैं।
एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में किसी तरह का हस्तक्षेप न करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि सैन फ्रांसिस्को में नवंबर 2023 में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से कहा था कि 2024 में अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किसी तरह का दखल न दें। चीन ने इस पर वादा भी किया था, लेकिन अब सबूत हैं कि चीन राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप कर रहा है और उसे प्रभावित करने की कोशिश में जुटा है। चीन के बारे में एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश के सबूत अमेरिका सरकार ने देखे हैं और जल्द से जल्द इसे खत्म करना सुनिश्चित करने की जरूरत है।
एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि चीन का अमेरिका के चुनाव में दखल पूरी तरह नामंजूर है। तकनीकी के मामले में चीन और अमेरिका की तनातनी पर एक सवाल के जवाब में एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि उन्नत कंप्यूटिंग चिप चीन को भेजने पर रोक लगाने से उसकी अर्थव्यवस्था और तकनीकी विकास को रोकना नहीं है। उन्होंने बताया कि चीन को चिप निर्यात रोकने से इंटेल, एनवीडिया और एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज की बिक्री पर असर पड़ा है। बता दें कि अमेरिका ने चीन के हुआवेई को चिप बेचने पर रोक लगा दी थी।