newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

G20 Summit In Bali: रूस से कच्चे तेल की खरीद पर आपत्ति जता रहे अमेरिका और यूरोपीय देशों को PM मोदी ने खरी-खरी सुनाई, बोले- हमारी ऊर्जा सुरक्षा…

मोदी ने कहा कि दुनिया के विकास के लिए सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाले देश भारत की ऊर्जा सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जंग के कारण रूस से कच्चा तेल लेने पर अमेरिका और यूरोप के देशों ने भारत पर सवाल उठाए थे। तब भी विदेश मंत्री जयशंकर और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने खरी-खरी सुनाई थी।

बाली। इंडोनेशिया के बाली में जी-20 देशों का शिखर सम्मेलन आज से शुरू हुआ। इस सम्मेलन को पीएम नरेंद्र मोदी ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन में मोदी ने अमेरिका और यूरोपीय देशों का नाम लिए बगैर खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि किसी को भी ऊर्जा की आपूर्ति पर प्रतिबंध को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। मोदी ने कहा कि दुनिया के विकास के लिए सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाले देश भारत की ऊर्जा सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जंग के कारण रूस से कच्चा तेल लेने पर अमेरिका और यूरोप के देशों ने भारत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने खाद और खाद्य संकट के बारे में अपनी राय रखी। उन्होंने यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग को खत्म कराने के लिए कदम उठाने पर भी विचार साझा किए।

modi in g20 summit bali indonesia 1
इंडोनेशिया के बाली में जी-20 देशों की बैठक

मोदी ने कहा कि आज खाद की कमी होती है, तो कल खाद्य संकट सामने आएगा। इस संकट का दुनिया के पास कोई हल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि खाद और खाद्यान्न की आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने के लिए देशों को समझौता करना चाहिए। यूक्रेन और रूस की जंग को रुकवाने के लिए भी मोदी ने अमेरिका और अन्य विकसित यूरोपीय देशों को समाधान का रास्ता सुझाया। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि हमें यूक्रेन में युद्धविराम और कूटनीति का रास्ता तलाशना होगा। उन्होंने कहा कि पिछली सदी में दूसरे विश्वयुद्ध ने दुनिया में कहर बरपाया। उस वक्त के नेताओं ने शांति का रास्ता तलाशने की कोशिश की। इस बार हमारी बारी है।

modi joe biden emanual macron at g20 summit bali indonesia
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से भी पीएम मोदी मिले

शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों से भी मोदी बात करते दिखे। मोदी के टूर प्लान में कल यानी बुधवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति और जी-20 के मौजूदा अध्यक्ष जोको विडोडो, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, स्पेन के पीएम पेड्रो सांचेज और सिंगापुर के पीएम ली सीन लुंग से मीटिंग शामिल है। मोदी की बाइडेन और ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक से भी मुलाकात हो सकती है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात का अभी कोई तय नहीं हुआ है।