newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर मारियुपोल पर कब्जे का किया दावा, खारकीव पर जमकर बमबारी

रूस ने ये दावा भी किया है कि अजोव सागर के पास 11 वर्ग किलोमीटर में बनी अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री में यूक्रेन के सैनिक टिके हैं। उनके पास बचने का रास्ता नहीं है। रूस ने कहा कि अगर ये यूक्रेनी सैनिक सरेंडर करते हैं, तो उन्हें जिंदा छोड़ दिया जाएगा।

मॉस्को। 24 फरवरी से यूक्रेन पर हमला शुरू करने वाले रूस ने अब मारियुपोल शहर पर पूरी तरह कब्जा करने का दावा किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार देर रात बताया कि उसके सैनिकों ने मारियुपोल पर नियंत्रण कर लिया। ये राजधानी कीव के बाद यूक्रेन का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण शहर है। रूस ने ये दावा भी किया है कि अजोव सागर के पास 11 वर्ग किलोमीटर में बनी अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री में यूक्रेन के सैनिक टिके हैं। उनके पास बचने का रास्ता नहीं है। रूस ने कहा  कि अगर ये यूक्रेनी सैनिक सरेंडर करते हैं, तो उन्हें जिंदा छोड़ दिया जाएगा। इस बीच, यूक्रेन के एक और बड़े शहर खारकीव पर रूस की गोलाबारी जारी है। इससे 5 लोगों के मरने और 13 के घायल होने की खबर है। रूस ने इस शहर पर बीते 24 घंटे में 23 बार गोले दागे हैं।

ukraine

मारियुपोल पर पूरे कब्जे का दावा करते हुए रूस ने कहा कि वहां यूक्रेन के करीब 4000 सैनिकों को उसने मार गिराया। रूस ने कहा है कि उसने बाकी बचे यूक्रेनी सैनिकों को सरेंडर करने के लिए समयसीमा तय की थी। अब तक उन्होंने सरेंडर नहीं किया है। ऐसे में फैक्ट्री पर हवाई हमला किया जाएगा। वहीं, यूक्रेन की ओर से कहा गया है कि मारियुपोल में रूस के हवाई हमले अब भी जारी हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की के मुताबिक मारियुपोल में उनके सैनिकों को जान गंवानी पड़ी, तो शांति की सारी कोशिश खत्म हो जाएगी।

यूक्रेन पर हमले की शुरुआत से ही रूस लगातार मारियुपोल पर कब्जा करने की कोशिश में जुटा था। ऐसे में मारियुपोल पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल करना रूस के लिए अब तक का सबसे बड़ा इनाम है। रूस इससे पहले यूक्रेन के क्रीमिया इलाके को साल 2014 में हमला कर खुद में शामिल कर लिया था। मारियुपोल पर कब्जे से रूस को क्रीमिया के अलावा डोनबास तक समुद्र से सीधा रास्ता भी मिल जाएगा। इसके अलावा दूसरा सबसे बड़ा शहर गंवाने से यूक्रेन की सरकार को भी इससे झटका लगने के आसार हैं। इससे युद्ध का स्वरूप भी पूरी तरह बदल सकता है।