newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

US Backtracked On Biden: पाक के परमाणु हथियार मामले में राष्ट्रपति बाइडेन के बयान से पलटा अमेरिकी विदेश विभाग, खतरनाक की जगह सुरक्षित बताने लगा

अमेरिका के राष्ट्रपति कहते कुछ हैं और उनका विदेश विभाग कुछ और। मामला पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का है। बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि पाकिस्तान खतरनाक देश है। उसके परमाणु हथियार जिम्मेदार हाथों में नहीं है। अब अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने बाइडेन के इस बयान के बिल्कुल उलट बात कही है।

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति कहते कुछ हैं और उनका विदेश विभाग कुछ और। मामला पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का है। बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि पाकिस्तान खतरनाक देश है। उसके परमाणु हथियार जिम्मेदार हाथों में नहीं है। अब अमेरिकी विदेश विभाग ने बाइडेन के इस बयान के उलट बात कही है। विदेश विभाग के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने मीडिया से कहा कि अमेरिका हमेशा पाकिस्तान की बातों पर भरोसा करता है कि उसके परमाणु हथियार सुरक्षित हैं। हम अमेरिकी हितों के लिए पाकिस्तान के सुरक्षित होने पर नजर रखते हैं। बता दें कि बाइडेन के बयान के बाद बिफरे पाकिस्तान ने अमेरिकी राजदूत डोनाल्ड ब्लोम को तलब कर अपनी नाराजगी जताई थी। जिसके बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने राष्ट्रपति के बयान से उलट बयान दिया है।

vedant patel us state department

वहीं, इस बारे में सवाल पूछे जाने पर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने कुछ कहने से इनकार कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के बारे में राष्ट्रपति बाइडेन के बयान पर और ज्यादा कुछ कहने को नहीं है। प्रवक्ता से पूछा गया था कि एक तरफ तो बाइडेन कहते हैं कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार सुरक्षित हाथों में नहीं हैं। वहीं, अमेरिका उसे एफ-16 लड़ाकू विमानों को उन्नत करने के लिए 400 मिलियन डॉलर की तकनीकी मदद देने का एलान भी करता है।

बता दें कि अमेरिका पिछले कुछ समय से एक बार फिर पाकिस्तान का करीबी बनता दिख रहा है। बीते दिनों पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत ने अधिकृत कश्मीर का दौरा किया था। उन्होंने इस कब्जाए इलाके को पाकिस्तान का बताया था। भारत ने इस बयान का जोरदार विरोध किया था। पाकिस्तान के एफ-16 को उन्नत बनाने के लिए अमेरिकी मदद का भी भारत ने विरोध किया है। इस बारे में अमेरिका का कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए ही पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को वो उन्नत बना रहा है। जबकि, हकीकत ये है कि अमेरिका से मिलने वाले हथियारों का इस्तेमाल पाकिस्तान हमेशा भारत के खिलाफ करता रहा है। पुलवामा में 2019 में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से किए गए एयरस्ट्राइक के खिलाफ भी पाकिस्तान ने एफ-16 विमानों से हमले की कोशिश की थी। तब जांबाज भारतीय पायलट अभिनंदन वर्तमान ने अपने मिग-21 लड़ाकू विमान से पाकिस्तानी एफ-16 को मार गिराया था।