newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ukraine-Russia War Imminent: रूस ने डोनेत्स्क और लुहांस्क को आजाद घोषित किया, यूक्रेन से कभी भी छिड़ सकती है जंग

अमेरिका और ब्रिटेन ने कार्रवाई करते हुए रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। फ्रांस ने यूरोपीय यूनियन से कहा है कि रूस पर जल्द से जल्द आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आज बैठक बुलाने की भी मांग की है।

मॉस्को/कीव। यूक्रेन और रूस जंग के और करीब आ गए हैं। दोनों देशों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के ताजा फैसले से तनातनी और बढ़ गई है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने बीती देर रात यूक्रेन के डोनबास रीजन के डोनेत्स्क और लुहांस्क को आजाद घोषित कर वहां के अलगाववादी नेताओं के साथ मदद और सुरक्षा का समझौता कर लिया। इसके बाद अमेरिका और ब्रिटेन ने कार्रवाई करते हुए रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। फ्रांस ने यूरोपीय यूनियन से कहा है कि रूस पर जल्द से जल्द आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आज बैठक बुलाने की भी मांग की है।

बीती शाम को पुतिन ने रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपात बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने कहा था कि जल्दी ही वो डोनेत्स्क और लुहांस्क को आजाद घोषित करने के बारे में विचार करेंगे। देर रात सवा 1 बजे पुतिन ने रूसी जनता को टीवी के जरिए संबोधित कर इस फैसले पर मुहर लगा दी। पुतिन ने कहा कि दोनों अलगाववादी इलाकों पर यूक्रेन की सेना जुल्म कर रही है। उन्होंने कहा कि डोनेत्स्क और लुहांस्क की रक्षा के लिए रूस की फौज को वहां भेजा जा रहा है। पुतिन ने कहा कि रूस मूकदर्शक बना नहीं रह सकता और यूक्रेन तो हमारा पुराना हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि व्लादिमिर इलीच लेनिन ने यूक्रेन नाम के देश को बनाया था और अब वो ही हमारे खिलाफ खड़ा हो, ये हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।

ukraine

राष्ट्र के नाम पुतिन के संदेश और डोनेत्स्क और लुहांस्क को आजाद घोषित किए जाने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दीमीर जेलिंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन को फोन किया। वहीं, बाइडेन ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और जर्मनी के चांसलर ओलोफ शुल्ज से बात की। माना जा रहा है कि अमेरिका और नाटो देश आज रूस पर और पाबंदियां लगा सकते हैं। वहीं, रूसी राष्ट्रपति का कहना है कि वो किसी प्रतिबंध से नहीं घबराते और रूस अपना कदम आगे बढ़ाना जारी रखेगा। ऐसे में यूक्रेन और रूस के बीच जंग और पूरी दुनिया के उसमें झुलसने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।