newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन को अमेरिका देने जा रहा हथियारों की बड़ी खेप, लेकिन जेलिंस्की अब रूस से समझौते के मूड में

कीव और सूमी समेत यूक्रेन के तमाम शहरों पर रूसी बमबारी और तेज हो गई है। रूस की सेना शनिवार को राजधानी कीव से महज 20 किलोमीटर दूर थी। यूक्रेन की सरकार की ओर से आरोप लगाया गया कि रूस ने मानव गलियारा बनाने की बात कही थी, लेकिन वो इतने भीषण हमले कर रहा है।

कीव/यरुशलम। यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 18वां दिन है। रूस के सैनिक लगातार यूक्रेन की राजधानी कीव के करीब पहुंचते जा रहे हैं। वहीं, अमेरिका ने यूक्रेन को और 200 मिलियन डॉलर की कीमत के हथियार देने का एलान किया है। जबकि, रूस ने भी कहा है कि यूक्रेन को जो हथियार भेजे जाएंगे, उनको नष्ट करने का उसे हक है। ऐसे में तनाव के और बढ़ने के आसार हैं। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की ने रूसी हमले को रुकवाने के लिए बातचीत करने का कदम बढ़ाया है। जेलिंस्की ने इजरायली पीएम नफ्ताली बेनेट को इस बारे में संदेश भेजा है।

naftali bennett and putin

वोलोदिमिर जेलिंस्की ने मीडिया से कहा कि अगर रूस सीजफायर का एलान करता है, तो वो रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से इजरायल में बातचीत कर सकते हैं। जेलिंस्की ने कहा कि उन्होंने इस बारे में इजरायल के पीएम बेनेट से कहा है कि वो यरुशलम में पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं। बता दें कि नफ्ताली बेनेट लगातार यूक्रेन और रूस के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं। बेनेट ने कुछ दिन पहले पुतिन से मॉस्को में मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने जेलिंस्की को भी फोन किया था। वहीं, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भी लगातार कोशिश जारी रखे हुए हैं। शोल्ज और मैक्रों ने शनिवार को पुतिन से कॉन्फ्रेंस कॉल पर बात भी की थी।

kyiv

उधर, कीव और सूमी समेत यूक्रेन के तमाम शहरों पर रूसी बमबारी और तेज हो गई है। रूस की सेना शनिवार को राजधानी कीव से महज 20 किलोमीटर दूर थी। यूक्रेन की सरकार की ओर से आरोप लगाया गया कि रूस ने मानव गलियारा बनाने की बात कही थी, लेकिन वो इतने भीषण हमले कर रहा है कि किसी भी शहर से आम नागरिकों को निकाला नहीं जा पा रहा। यूक्रेन की सरकार ने सूमी शहर में बसें भेजी हैं। आज इन बसों के जरिए लोगों को सूमी से निकालकर पोलैंड और रोमानिया भेजने की योजना है।