newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Astro Tips: अंगों के फड़कने से मिलते हैं शुभ-अशुभ संकेत, जानिए किससे मिलता है प्रमोशन किससे होते हैं मतभेद

Astro Tips: शरीर के अंगों के फड़कने का कोई न कोई अर्थ जरूर होता है। सामुद्रिक शास्‍त्र में इन अंगों के फड़कने के अर्थ बताए गए हैं, आइये जानते हैं किस अंग के फड़कने का क्या अर्थ होता है…

नई दिल्ली। शरीर में होने वाली हलचलें प्राकृतिक क्रियाएं हैं। इन पर हमारा बस नहीं चलता, जैसे आंख झपकना, छींक आना, सांस का चलना और उससे शरीर की नसों में होने वाली हलचलें, लेकिन इन प्राकृतिक क्रियाओं के अलावा कभी-कभी हम शरीर में एक अलग प्रकार की फड़कनों को महसूस करते हैं। इन पर भी हमारा नियंत्रण नहीं होता, लेकिन क्योंकि ये कभी-कभी होने वाली क्रियाएं हैं। इनकी हमारे शरीर को आदत नहीं होती, इसलिए कई बार ये हमें काफी परेशान करती हैं। ज्योतिष शास्त्र की मानें तो शरीर के अंगों के फड़कने का कोई न कोई अर्थ जरूर होता है। सामुद्रिक शास्‍त्र में इन अंगों के फड़कने के अर्थ बताए गए हैं, आइये जानते हैं किस अंग के फड़कने का क्या अर्थ होता है…

दाईं आंख फड़कने का अर्थ

अगर किसी व्‍यक्ति की दाईं आंख फड़कती है तो माना जाता है कि जल्द ही कोई अच्‍छा समाचार मिल सकता है। इसके अलावा उसकी सभी इच्‍छाओं की पूर्ति हो सकती हैं। हालांकि, अगर आंख लगातार कई दिनों तक फड़कती रहे तो ये किसी लंबी बीमारी का संकेत हो सकता है।

मस्‍तक के फड़कने का अर्थ

अगर किसी व्‍यक्ति के पूरे मस्‍तक पर फड़कन होती है, तो उसे जल्‍द ही किसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है। सिर के बीच में फड़कन होने से धन की प्राप्ति हो सकती है। वहीं, अगर ये केवल सामने की ओर से बीच में फड़के तो लाभदायक यात्राओं के साथ नौकरी में प्रमोशन भी मिल सकता है।

भौंहों के फड़कने का अर्थ

दोनों भौंहों में फड़कन महसूस हो तो उस व्‍यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती हैं। वहीं, अगर दोनों भौंह के बीच के स्‍थान पर फड़कन हो, तो ये प्रेम की प्राप्ति के संकेत देता है।

नाक के फड़कने का अर्थ

नाक का फड़कना, किसी आने वाले संकट की ओर इशारा करता है। नाक के नथुनों में भीतर की ओर फड़कन हो तो सुख की प्राप्ति होती है। वहीं, नाक जड़ की ओर से फड़कने पर पड़ोसियों से विवाद हो सकता है।

कान के फड़कने का अर्थ

बांयें कान का फड़कना किसी मित्र द्वारा उसे याद करने का संकेतक है। वहीं, दांये कान का फड़कना, करियर संबंधित गुड न्यूज मिलने का संकेतक है। अगर आपके बाएं कान में अचानक किसी चीज का बजना सुनाई दे तो ये किसी बुरी खुबर के मिलने का संकेतक होता है।

होंठों के फड़फड़ने का अर्थ

अगर किसी व्‍यक्ति का ऊपरी होंठ फड़के तो ऐसा माना जाता है कि शत्रुओं से समझौता हो जाता है। वहीं यदि दोनों होंठ फड़कें तो माना जाता है कि कहीं से सुखद समाचार की प्राप्ति हो सकती है। लेकिन, अगर केवल निचला होंठ फड़के तो कहा जाता है कि व्‍यक्ति को कहीं से स्‍वादिष्‍ट भोजन के लिए न्‍यौता मिल सकता है।

हथेली के फड़कने का अर्थ

हथेली के फड़कने से आने वाले समय में कहीं से पैसे मिलने का संकेत मिलता है। वहीं, अगर किसी की हथेली के किसी एक भाग में फड़फड़ाहट महसूस हो तो वो व्यक्ति आने वाले समय में मुश्किलों में फंस सकता है।