newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Chhath Puja 2022: छठ पूजा में करेंगे ये विशेष उपाय तो मजबूत होगी सूर्य की स्थिति, होगी विशेष कृपा

Chhath Puja 2022: छठ पूजा का व्रत करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है। इस दिन कुछ विशेष उपायों को करने से शुभ फलों की भी प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं कौन से हैं वो खास उपाय…

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में मनाये जाने वाले सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक दीवाली के बाद छठ पूजा एक ऐसा त्योहार है, जिसे काफी धूम-धाम से मनाया जाता है। इस त्योहार का उत्साह देश के बिहार, झारखंड और पूर्वी हिस्सों में काफी अधिक देखने को मिलता है। हालांकि, ये पूरे भारत में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। हर साल छठ पूजा का त्योहार कार्तिक शुक्ल की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है, इसलिए इसे सूर्य षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है। इसे सूर्यषष्ठी कहने का एक कारण ये भी है कि इस दिन छठी मैया के साथ सूर्य देव की भी पूजा की जाती है। छठ पूजा के दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं और उनसे संतान की दीर्घायु, सौभाग्य और खुशहाल जीवन की मंगलकामना करती हैं। इस व्रत की गिनती सबसे कठिन उपवासों में होती है। ये व्रत नहाए खाय से शुरू होकर चौथे दिन सूर्योदय के समय उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर समाप्त हो जाता है। कहा जाता है कि छठ पूजा का व्रत करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है। इस दिन कुछ विशेष उपायों को करने से शुभ फलों की भी प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं कौन से हैं वो खास उपाय…

1.छठ पूजा के दिन सूर्यदेव को गुड़ का भोग लगाकर पंचोपचार करने से सूर्यदेव प्रसन्न होते हैं।

2.पूजा के दौरान भगवान को लाल पुष्प अर्पित करने से सूर्य देव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

3.इस दिन सुबह नहाने के तुरंत बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए।

4.सूर्य को अर्घ्य देने के बाद गुड़ और कच्चे चावल को बहते हुए जल में प्रवाहित करने से सूर्यदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

5.छठ पूजा के दिन पके हुए चावल में गुड़ और दूध मिलाकर खाने से कुंडली में सूर्य की स्थित मजबूत होती है।

6.इस दिन सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद पूर्व दिशा की ओर मुंह करके कुश के आसन पर बैठकर रुद्राक्ष की माला से सूर्य के मंत्र का जाप करने से भगवान प्रसन्न होते हैं।

7.छठ पूजा के दिन तांबे का सिक्का या चौकोर टुकड़ा बहते हुए जल में प्रवाहित करने से सूर्य दोष कम होता है।

8.लाल रंग के कपड़े में गेहूं और गुड़ को बांधकर किसी जरूरत मंद को दान देने से भी सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।