newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Phulera Dooj 2022: कल है फुलेरा दूज, जानें इसका शुभ मुहूर्त और महत्व

Phulera Dooj 2022: ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा-रानी की पूजा करने से दांपत्य जीवन में मधुरता आती है। कहा जाता है कि फुलेरा दूज के दिन जो लोग राधा-कृष्ण की सच्चे मन से पूजा करते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में इतने त्योहार मनाए जाते हैं कि अगर ठीक से देखा जाए तो हर दिन कोई न कोई व्रत और त्योहार जरूर होता है। इन सभी त्योहारों का महत्व भी काफी होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस समय फाल्गुन माह चल रहा है और कल भी एक त्योहार है जिसका मुहूर्त आज से शुरु हो रहा है। फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को फुलेरा दूज का त्योहार मनाने की प्रथा है। इस बार फुलेरा दूज 04 मार्च यानी शुक्रवार को पड़ रही है। धार्मिक ग्रंथों में  फुलेरा दूज को विवाह के लिए बेहद शुभ मुहूर्त माना गया है। भगवान श्रीकृष्ण व राधा रानी को समर्पित ये दिन होली के शुभारंभ का पर्व माना जाता है। फुलेरा दूज मांगलिक कार्यों के लिए बहुत शुभ माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा-रानी की पूजा करने से दांपत्य जीवन में मधुरता आती है। कहा जाता है कि फुलेरा दूज के दिन जो लोग राधा-कृष्ण की सच्चे मन से पूजा करते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जो लोग प्रेम विवाह करना चाहते हैं और उनके प्रेम या विवाह में कुछ अड़चनें आ रही हैं, तो ऐसे में फुलेरा दूज के दिन विशेष पूजा करके ये अड़चनें दूर की जा सकती हैं।

शुभ-मुहूर्त

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस साल फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 03 मार्च, गुरुवार को रात 09 बजकर 36 मिनट से शुरू होकर 04 मार्च, शुक्रवार को रात 08 बजकर 45 मिनट पर समाप्त हो जाएगी। फुलेरा दूज उदया तिथि को ध्यान में रखते हुए 04 मार्च को मनाई जाएगी।

कैसे मनाते हैं ये पर्व

इस दिन घर में भगवान कृष्ण की पूजा करने के बाद उन्हें गुलाल चढ़ाते हैं। घर में मिष्ठान आदि बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है। नए काम की शुरुआत के लिए ये दिन बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन राधा-कृष्ण को अबीर-गुलाल अर्पित करके होली के रंगों की शुरुआत भी की जाती है। फुलेरा दूज को सभी दोषों से मुक्त माना गया है।

फुलेरा दूज को ठंड के मौसम में होने शादियों के सीजन का आखिरी दिन माना जाता है। इसलिए इस दिन बहुत सारा शादियां होती हैं। फुलेरा दूज के अबूझ मुहूर्त होने के कारण इसे विवाह, संपत्ति की खरीद, नए काम की शुरूआत आदि सभी प्रकार के शुभ कार्यों को करने के लिए बहुत शुभ माना जाता है।

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। Newsroompost इसकी पुष्टि नहीं करता है।