newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Layoff In Paytm: पेटीएम में फिर छंटनी, इस बार 1000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से हटाया

Layoff In Paytm: तमाम स्टार्टअप खुले, लेकिन ज्यादातर ने दबाव के कारण कर्मचारियों की छंटनी का रास्ता चुना। साल 2021 में भारतीय स्टार्टअप ने 4000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की थी। 2022 में 20000 से ज्यादा कर्मचारी नौकरी से हटाए गए थे। वहीं, 2023 की तीन तिमाहियों में 28000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी हो चुकी है।

नई दिल्ली। पेटीएम एक बार फिर चर्चा के केंद्रबिंदु में है। मीडिया की खबरों के मुताबिक विजय शेखर शर्मा की कंपनी पेटीएम ने एक बार फिर छंटनी की है। इस छंटनी की जद में पेटीएम के 10 फीसदी कर्मचारियों के आने की खबर है। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक पेटीएम को चलाने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने 1000 से ज्यादा कर्मचारियों को पिंक स्लिप पकड़ाई है। अखबार ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि पेटीएम में ये छंटनी पिछले कुछ महीनों में हुई। छंटनी की जद में आए कर्मचारी पेटीएम की अलग-अलग यूनिट के हैं। खबर के मुताबिक पेटीएम ने कॉस्ट कटिंग के कारण अपने कर्मचारियों की छंटनी की है। पेटीएम एक फिनटेक स्टार्टअप है। यहां हुई छंटनी को किसी भी भारतीय स्टार्टअप में सबसे बड़ी छंटनी बताया जा रहा है।

प्रतीकात्मक फोटो।

भारत में मोदी सरकार के दौर में तमाम स्टार्टअप खुले, लेकिन ज्यादातर ने आर्थिक दबाव के कारण कर्मचारियों की छंटनी का रास्ता चुना। साल 2021 में भारतीय स्टार्टअप कंपनियों ने 4000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की थी। 2022 में स्टार्टअप कंपनियों में 20000 से ज्यादा कर्मचारी नौकरी से हटाए गए थे। वहीं, 2023 की तीन तिमाहियों में 28000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी हो चुकी है। पेटीएम पर रिजर्व बैंक ने बीते दिनों अनसिक्योर्ड लोन के मामले में सख्ती बरती थी। पेटीएम ने रिजर्व बैंक के कदम के बाद बाइ नाउ पे लेटर, स्मॉल टिकट कंज्यूमर लैंडिंग वगैरा को बंद कर दिया था। पेटीएम में जो ताजा छंटनी हुई है, उसमें इन्हीं दोनो विभागों के सबसे ज्यादा कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

अगर शेयर बाजार की बात करें, तो पिछले 1 महीने में पेटीएम के शेयरों की कीमत में 28 फीसदी की बड़ी गिरावट भी आ है। इस महीने यानी दिसंबर के पहले हफ्ते में पेटीएम के शेयरों पर 20 फीसदी का लोअर सर्किट भी लग चुका है। ऐसे में कंपनी में 1000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी का असर एक बार फिर शेयर बाजार में पेटीएम पर पड़ने के पूरे आसार दिख रहे हैं। हालांकि, जब विजय शेखर शर्मा ने पेटीएम की शुरुआत की थी और आईपीओ आया था, तो निवेशकों ने कंपनी के शेयर खरीदने के लिए काफी उत्साह दिखाया था।