newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi Attacks Congress: ‘राजा-महाराजा पर आरोप लगाते हैं औरंगजेब के अत्याचार पर चुप रहते हैं’, राहुल गांधी के बयान का उल्लेख कर कर्नाटक में पीएम मोदी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

PM Modi Attacks Congress: मोदी ने कहा कि आज पूरा देश समझ गया कि जहां कांग्रेस आई, वहां विकास का पलायन शुरू हो जाता है। कर्नाटक में जब बीजेपी की सरकार थी, तो विदेशी निवेश का बड़ा हिस्सा कर्नाटक आता था। अब यहां कांग्रेस सरकार आई, तबसे सारे काम बंद पड़ गए। बिजली कटौती से सभी परेशान हैं। लोग कहते हैं जहां कांग्रेस आई, बर्बादी लाई।

बेलगावी। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटक के बेलगावी में चुनावी जनसभा की। इस जनसभा में मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को बर्बाद करने की साजिश की। नेहा जैसी बेटियों की चिंता नहीं, वोट बैंक की चिंता है। बेंगलुरु के कैफे में ब्लास्ट को कांग्रेस सरकार ने गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताया। कोरोना का वैक्सीन को बीजेपी की वैक्सीन कहा। बीजेपी सरकार ने देश और समाजविरोधी पीएफआई को बैन किया। उसके बड़े बड़े नेता जेल में सड़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई को भी वोटबैंक और तुष्टीकरण के नजरिए से लिखवाया। राहुल गांधी के ताजा बयान पर उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस के शहजादे उसी पाप को आगे बढ़ा रहे हैं।

मोदी ने कहा कि शहजादे ने राजा-महाराजा को बुरा-भला कहा। सुलतानों और बादशाहों ने जो किया, उस पर शहजादे की बोलती बंद हो जाती है। कांग्रेस को औरंगजेब के अत्याचार याद नहीं आते, जिसने मंदिरों को तोड़ा। औरंगजेब की तारीफ करने वाली पार्टियों से कांग्रेस गठबंधन करती है। मोदी ने राजाओं-महाराजाओं की तरफ से देश के लिए किए गए काम गिनाए। उन्होंने कहा कि नवाबों के खिलाफ, बादशाहों के खिलाफ कांग्रेस के शहजादे नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता कांग्रेस के घोषणापत्र में भी झलकती है। मोदी ने कहा कि आज पूरा देश समझ गया कि जहां कांग्रेस आई, वहां विकास का पलायन शुरू हो जाता है। कर्नाटक में जब बीजेपी की सरकार थी, तो विदेशी निवेश का बड़ा हिस्सा कर्नाटक आता था। अब यहां कांग्रेस सरकार आई, तबसे सारे काम बंद पड़ गए। बिजली कटौती से सभी परेशान हैं। लोग कहते हैं जहां कांग्रेस आई, बर्बादी लाई।

पीएम मोदी ने अपनी सरकार के काम गिनाए और कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने किसानों से विश्वासघात किया। जब कर्नाटक में बीजेपी सरकार थी, तो किसानों के खाते में 4000 रुपए जमा होते थे। कांग्रेस ने सरकार बनाते ही वो रकम देनी बंद कर दी। उन्होंने कहा कि मोदी ये गारंटी देता है कि जो भी दिल्ली से भेजा जाता है, वो जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे और उनकी बहन घोषणा कर रहे हैं कि आपकी प्रॉपर्टी का एक्सरे किया जाएगा। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग हर घर पर छापा मारकर कब्जा करना चाहते हैं और फिर इनको अपने पसंदीदा लोगों को देना चाहते हैं। मोदी ने कहा कि जब तक मोदी जिंदा है, ये आपके मंसूबे पूरे नहीं होने दूंगा। उन्होंने इन्हेरिटेंस टैक्स का मुद्दा यहां भी उठाया।