newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Lok Sabha Election 2024 Results Crush All Exit Polls: लोकसभा चुनाव के नतीजों ने सभी एक्जिट पोल रिजल्ट को किया ध्वस्त, जानिए क्या किए गए थे दावे

Lok Sabha Election 2024 Results Crush All Exit Polls: लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण के मतदान के बाद जो एक्जिट पोल आए थे, उनका दावा था कि इस बार 2019 के मुकाबले और बड़े अंतर से केंद्र में मोदी सरकार बनेगी, लेकिन सभी एक्जिट पोल के ये दावे सुबह 11 बजे तक ध्वस्त हो गए हैं।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के वोटों की गिनती के दिन एक्जिट पोल करने वालों को सुबह 11 बजे तक जोर का झटका लगा है। सभी एक्जिट पोल ने दावा किया था कि इस बार एनडीए को 350 से ज्यादा सीटें हासिल होंगी। 3 एक्जिट पोल ने तो ये दावा तक किया था कि एनडीए 400 लोकसभा सीट का लक्ष्य भी हासिल कर लेगी, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है। तो देख लेते हैं कि अलग-अलग एक्जिट पोल में एनडीए और विपक्ष के इंडिया गठबंधन के लिए क्या दावे किए गए थे।

exit poll

पहले बात कर लेते हैं एबीपी-सी वोटर के एक्जिट पोल की। एबीपी और सी वोटर के एक्जिट पोल ने बताया था कि बीजेपी नीत एनडीए को 353 से 383 सीटें मिलेंगी। जबकि, इंडिया गठबंधन को 152 से 182 सीटें मिलने का दावा किया गया था। वहीं, रिपब्लिक-मैट्रिज के एक्जिट पोल में दावा किया गया कि एनडीए को 353 से 368 सीटें मिलेंगी। इसी एक्जिट पोल में बताया गया था कि विपक्ष के इंडिया गठबंधन को इस बार 118 से 133 सीटें मिल सकती हैं। रिपब्लिक और पीएमएआरक्यू के एक्जिट पोल में एनडीए के लिए 359 सीटों की भविष्यवाणी की गई थी। जबकि, इंडिया गठबंधन के लिए इस एक्जिट पोल का दावा 154 सीट का था। वहीं, जन की बात के एक्जिट पोल में एनडीए गठबंधन को 362 से 392 सीटें मिलने का दावा किया गया। जबकि, इंडिया गठबंधन के खाते में 141 से 161 सीटें दी गईं।

rahul gandhi and pm modi

अन्य एक्जिट पोल की बात करें, तो डी डायनमिक्स के एकिज्ट पोल के हिसाब से एनडीए को 371 सीटें मिलनी चाहिए थीं। जबकि, ये एक्जिट पोल बता रहा था कि कांग्रेस नीत इंडिया गठबंधन को इस बार लोकसभा चुनाव में 125 सीटें मिलेंगी। सीएनएक्स के एक्जिट पोल में एनडीए को 371 से 401 सीटें मिलने की बात कही गई। जबकि, विपक्षी गठबंधन के लिए इस एक्जिट पोल ने दावा किया गया कि उसे 109 से 139 सीटें ही मिलेंगी। माय एक्सिस इंडिया के एक्जिट पोल में एनडीए को 361 से 401 सीटें और इंडिया गठबंधन को 131 से 166 सीटें हासिल होने का दावा किया गया। टुडेज चाणक्य और न्यूज 24 के एक्जिट पोल में बताया गया कि एनडीए को 385 से 415 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, विपक्ष के लिए इस एक्जिट पोल में कहा गया है कि उसे 96 से 118 सीटों पर ही संतोष करना होगा। ईटीजी का एक्जिट पोल ये दावा कर रहा था कि एनडीए को 358 और विपक्षी गठबंधन को 152 सीटें हासिल होंगी। ऐसे में तय है कि इस बार जनता ने एक्जिट पोल करने वालों को दिए गए वोट से अलग जानकारी दी है। इस तरह एक बार फिर एक्जिट पोल सवालों के घेरे में है।