newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Nitin Gadkari Fainted : भाषण देने के दौरान मंच पर बेहोश हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जानिए अब कैसी है तबियत

Nitin Gadkari Fainted : लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महाराष्ट्र के यवतमाल में एक चुनावी रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबियत खराब हो गई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लोगों के साथ शेयर की है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान महाराष्ट्र के यवतमाल में एक चुनावी रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबियत खराब हो गई और वो मंच पर ही बेहोश हो गए। ऐसा माना जा रहा है कि भीषण गर्मी की वजह से गडकरी को चक्कर आ गया और वो बेहोश हो गए। फिलहाल वह बिलकुल ठीक हैं और अपने स्वास्थ्य के बारे में उन्होंने खुद जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर अपने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि पुसद, महाराष्ट्र में रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूँ और अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरूड के लिए निकल रहा हूँ। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। गडकरी जब मंच पर असहज होते हुए बेहोश से हो गए तो मंच पर पीछे खड़े लोगों ने उनको तुरंत सहारा बैठाया। ऐसा भी हो सकता है कि गडकरी का शुगर लेवल अनियंत्रित हो गया हो इस वजह से भी चक्कर और बेहोशी आ जाती है।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अबकी बार एनडीए की 400 सीटें पार के नारे को पूरा करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई नेता दिन रात भीषण गर्मी की परवाह किए बिना रोजाना दो से तीन रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। ऐसे में थकान का हावी होना लाजिमी है। संभव है गर्मी और थकान के चलते गडकरी को असहज महसूस हुआ हो। गडकरी यहां एनडीए प्रत्याशी राजश्री पाटिल के लिए प्रचार करने आए थे जो एकनाथ शिंदे के धड़े वाली शिवसेना से हैं। नितिन गडकरी की आज यह दूसरी चुनावी रैली थी। इससे पहले बुलढाणा जिले के चिखली में सुबह उन्होंने एक चुनावी रैली को संबोधित किया था।