newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

CM Eknath Shinde Met Salman Khan : महाराष्ट्र में नहीं चलने देंगे किसी की दादागिरी, सलमान खान से मिलने के बाद बोले सीएम एकनाथ शिंदे

CM Eknath Shinde Met Salman Khan : सीएम शिंदे ने कहा कि सरकार सलमान और उनके परिवार के साथ है। इस घटना की पूरी तरह से जांच कराई जाएगी और जो भी इसमें शामिल है उसके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी कि दोबारा मुंबई में किसी के खिलाफ कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे।

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के दो दिन बाद आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनसे मुलाकात की। सीएम शिंदे सलमान खान से बांद्रा स्थित उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिलने पहुंचे। इस मौके पर सलमान खान के पिता वरिष्ठ पटकथा लेखक सलीम खान भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान और उनके परिवार को सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार सलमान और उनके परिवार के साथ है। इस घटना की पूरी तरह से जांच कराई जाएगी और जो भी इसमें शामिल है उसके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी कि दोबारा मुंबई में किसी के खिलाफ कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे। लारेंस बिश्नोई के बारे में शिंदे ने कहा कि हम उनको खत्म कर देंगे। यहां महाराष्ट्र में किसी की दादागिरी हम चलने नहीं देंगे।

उधर, इस मामले मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) लख्मी गौतम का ने बताया कि हमने भुज जिले से दो आरोपियों विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया है। मुख्य रूप से उन्होंने तीन बार घर की ‘रेकी’ की थी।’ आरोपियों ने कुल पांच राउंड फायरिंग की। बाद में दिन में अनमोल बिश्नोई जो कि लारेंस बिश्नोई का भाई है, ने भी इस घटना के संबंध में फेसबुक पर लिखा था।

इससे पहले सलमान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना के दो दिन बाद दो आरोपियों को कल कच्छ से गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में कच्छ के डीएसपी एआर ज़ंकांत का कहना है कि मुंबई पुलिस अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले की जांच कर रही थी। मुंबई पुलिस ने कच्छ पुलिस को सूचित किया कि दोनों आरोपी कच्छ पहुंच गए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। दोनों आरोपियों को कच्छ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और प्राथमिक पूछताछ के दौरान मुंबई पुलिस को सौंप दिया, यह पाया गया कि वे लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के संपर्क में थे।