newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Parveen Babi Birth Anniversary: बॉलीवुड की चकाचौंध में जिंदगी बिताने वाली परवीन बॉबी को आखिरी में मिली थी दर्दनाक मौत

Parveen Babi Birth Anniversary: परवीन ने सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के साथ आठ फिल्मों में काम किया और इन्हें दर्शकों ने खूब पसंद भी किया। परवीन मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री थीं।

नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा में 70-80 के दशक की मशहूर, खूबसूरत और बोल्ड अभिनेत्रियों में शामिल परवीन बॉबी का जन्म 4 अप्रैल 1949 को ‘जूनागढ़’ में हुआ था। परवीन बॉबी ने अपने 19 साल के करियर में एक बड़ी पहचान हासिल की। अपनी फिल्मों को लेकर तो परवीन सुर्खियों में रही थीं, अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी कई बार चर्चा का विषय बनी रहीं। जिंदगी भर परवीन का नाम किसी न किसी के साथ जुड़ता रहा, लेकिन उनके जीवन का अंत अकेले एक बंद कमरे में हुआ। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर जानते हैं परवीन बॉबी की जिंदगी के जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से… साल 1972 में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली परवीन को बहुत ही जल्द फिल्मों में काम करने का मौका मिल गया। परवीन ने 1970 से 1980 के बीच ‘दीवार’, ‘नमक हलाल’, ‘अमर अकबर एंथनी’ और ‘शान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। बता दें, परवीन ने सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के साथ आठ फिल्मों में काम किया और इन्हें दर्शकों ने खूब पसंद भी किया। परवीन मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री थीं। उनके विषय में ये भी कहा जाता है कि वो 70 के दशक की सबसे महंगी अभिनेत्री थीं। उनकी लव लाइफ की बात करें तो परवीन 70 के दशक में जाने माने अभिनेता डैनी डेंजोगपा के साथ करीब 4 साल तक रिश्ते में रहीं, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए।

इसके बाद परवीन बाबी (Parvin Babi) का नाम मशहूर अभिनेता कबीर बेदी के साथ जुड़ा, दोनों ने उस दौर के अखबारों में खूब सुर्खियां बटोरीं। लेकिन ये रिश्ता भी बहुत अधिक दिनों तक नहीं चल सका। इसके बाद साल 1977 में परवीन महेश भट्ट को दिल दे बैठीं। इस समय परवीन का अभिनय करियर अपने चरम पर था। महेश के शादीशुदा होने के बावजूद दोनों कई दिनों तक लिव-इन में रहे और बात में ये रिश्ता भी टूट गया। महेश परवीन को छोड़कर अपनी पत्नी के पास वापस लौट गए। कहा जाता है कि वो महेश भट्ट के प्यार में इस कदर पागल थीं कि एक बार महेश को मनाने के लिए बिना कपड़ों के ही दौड़ती हुई घर के बाहर तक आ गईं थीं।

पूरी जिंदगी चकाचौंध में बिताने वाली परवीन का आखिरी समय बेहद अकेला और तनावपूर्ण रहा। तीन-तीन रिलेशनशिप में रहने के बाद भी उनकी शादी नहीं हो सकी। बताया जाता है कि परवीन बॉबी एक गंभीर मानसिक बीमारी ‘सिजोफ्रेनिया’ से ग्रसित थीं, जिसने उन्हें सबसे दूर कर दिया। 20 जनवरी 2005 को एक बंद कमरे में रहस्यात्मक तरीके से उनकी मौत हो गई। तीन दिनों तक उनकी लाश बेड पर पड़ी रही। जब उनके पड़ोसियों ने देखा कि तीन दिन तक ब्रेड और दूध का सामान दरवाजे पर पड़ा है तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि, उनकी मौत के रहस्य से आज तक पर्दा नहीं उठ सका है।